
नगरोटा बगवां पहुंचे प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला का चुनावी साल में बड़ा ऐलान
नगरोटा बगवां – राजीव जसवाल
प्रदेश में तीन माह बाद बनने वाली कांग्रेस सरकार में पांच लाख युवाओं को पक्की नौकरी ओर 15 लाख बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार अपनाने के लिए बिना ब्याज पैसा दिया जाएगा। यह घोषणा बुधवार को कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला ने नगरोटा बगवां में की। वह यहां बाल मेले के समापन और बेरोजगार संघर्ष यात्रा के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्यातिथि पहुंचे थे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की वर्तमान जयराम सरकार और केंद्र सरकार ने बेरोजगारों के लिए कोई नीति नहीं बनाई। उन्होंने घोषणा की कि उनकी सरकार आने पर शिक्षा, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, बागबानी, पर्यटन आदि में पांच लाख नौकरियां देंगे, जो ठेके पर नहीं, बल्कि नियमित होंगी।
उन्होंने 680 करोड़ रुपए का स्टार्टअप फंड तैयार कर 15 लाख युवाओं को रोजगार से जोडऩे का भी लक्ष्य बताया, जिसे सरकार बिना बयाज के धन उपलब्ध करवाएगी। मुश्किल दौर में भी सरकार लूटने पर तुली है तथा गरीब लोगों की जेब पर डाका डाल रही है, जिससे आम जन मानस बुरी तरह से त्रस्त है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे अपने क्षेत्र में बेरोजगार संघर्ष यात्रा को सफल बनाने के लिए आगे आएं।
आज भाजपा के डूबते जहाज से हर कोई कूदने को तैयार मुकेश अग्निहोत्री
अपने संबोधन में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने भी वर्तमान सरकार पर जमकर प्रहार किए। उन्होंने कहा कि भाजपा इस समय डूबता हुआ जहाज है, जिससे हर कोई छलांग लगाने को तैयार है । उन्होंने कहा कि भाजपा के पास अब चुनिंदा ठेकेदार और माफिया ही शेष बचे हैं।
उन्होंने कहा कि जिसके शासन काल में पुलिस व अन्य भर्ती परीक्षाओं के पेपरों की सरेआम नीलामी हुई हो, उस सरकार को सत्ता पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं। उन्होंने कांग्रेस सरकार बनने पर पेपर लीक मामले की जांच करने और आरोपियों की न्यूनतम 10 साल की सजा तय करने का भी ऐलान किया। कांग्रेस नेता ने आयोजन में जुटी भीड़ पर आरएस बाली की तारीफ करते हुए कहा कि बड़े मियां तो बड़े मियां, छोटे मियां सुभान अल्लाह।
रिमोट कंट्रोल से चलने वाले मुख्यमंत्री हैं जयराम ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू
कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वर्तमान सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आज प्रदेश की जनता बुरी तरह से त्रस्त है, जबकि सीएम जयराम फिर भी मस्त हैं। उन्होंने कहा कि कमरतोड़ महंगाई के बावजूद सरकार सोई हुई है, क्योंकि जयराम रिमोट से चलने वाले मुख्यमंत्री हैं, जिनका कंट्रोल मोदी और शाह के पास है।
उन्होंने कांग्रेस को बलिदानी विचारधारा वाली पार्टी बताते हुए कहा कि पार्टी का बलिदानी इतिहास रहा है, जिसने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आज तक बलिदान और त्याग का परिचय दिया है। उन्होंने रोजगार पर वर्तमान सरकार को सुनाते हुए कहा कि आपने घोषणा पत्र में रोजगार का वादा करने वाली भाजपा अपने वादों से मुकरी, जबकि बेरोजगारी का आंकड़ा 11 लाख को पार कर रहा है ।
गुजरात के रास्ते हिमाचल को नशा परोस रही भाजपा
देश में महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, और कुशासन से त्रस्त जनता की आवाज बनी कांग्रेस को भाजपा सरकार ईडी का डर दिखाकर दबाना चाहती है, जिसमे वह सफल नहीं होगी। यह बात कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लाम्बा ने नगरोटा बगवां में कही।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा वह पार्टी है, जिसके नेता कोरोना जैसी विषम परिस्थितियों में भी घोटालों में लिप्त थे। उन्होंने चिंता जताई कि भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार देने की जगह गुजरात के रास्ते आ रहे नशे की ओर धकेल रहे हैं।
उन्होंने अग्निपथ योजना को न केवल बेरोजगारों के लिए धोखा बताया, बल्कि इसे जवानों ओर सेना का अपमान भी बताया। उन्होंने लोगों से एकजुट होकर महंगाई भ्रटाचार से मुक्ति के लिए कांग्रेस का साथ देने की अपील की।
