हिमखबर डेस्क
जनपद के जोगिंद्रनगर उपमंडल के द्राहल क्षेत्र में रंगड़ों के हमले से एक महिला और उसके दो बच्चे घायल हो गए। घटना उस समय हुई जब महिला अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने गई थी। हमले में घायल तीनों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार मतकेहड़ निवासी 28 वर्षीय संगीता बुधवार सुबह अपने आठ वर्षीय बेटे साहिल और 13 वर्षीय बेटी मुस्कान को द्राहल स्कूल छोड़ने पहुंची थीं। इसी दौरान अचानक रंगड़ों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। रंगड़ों ने महिला और दोनों बच्चों के शरीर पर कई जगह डंक मार दिए, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
हमले के बाद स्कूल परिसर और आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। संगीता दर्द से चीखने लगीं, जबकि दोनों बच्चे भी रंगड़ों के हमले से घबरा गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और स्कूल स्टाफ ने तुरंत तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि महिला को सबसे ज्यादा डंक लगे हैं, जिसके चलते उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं दोनों बच्चों को भी शरीर पर कई जगह सूजन और घाव आए हैं। डॉक्टरों की टीम तीनों का इलाज कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में डर का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्कूलों और आबादी वाले क्षेत्रों के आसपास बने रंगड़ों के छत्तों को हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। इस घटना के बाद से इलाके के अभिभावकों और स्थानीय लोगों में डर का माहौल है।
एसएमओ डॉ. विकास नाथ के बोल
नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर के एसएमओ डॉ. विकास नाथ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अस्पताल में तीन घायलों को भर्ती किया गया है। उन्होंने कहा कि महिला और बच्चों का इलाज प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। रंगड़ों के डंक काफी गहरे हैं, लेकिन पूरी मेडिकल टीम उनकी निगरानी कर रही है।

