हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय केंद्र धर्मशाला में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह और एससीए सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ, इस दौरान 306 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
धर्मशाला – हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय केंद्र, मोहली (धर्मशाला) में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह एवं केंद्रीय छात्र संघ (SCA) के सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले करीब 120 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में शानदार प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. महावीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, विश्वविद्यालय की कार्यकारिणी परिषद के सदस्य डॉ. बलवीर पंवर, क्षेत्रीय केंद्र के पूर्व निदेशक एवं सेवानिवृत्त प्रोफेसर प्रो. कुलवंत राणा और सेवानिवृत्त उप-पंजीयक सुनील जी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। क्षेत्रीय केंद्र के निदेशक प्रो. कुलदीप अत्री ने अतिथियों का स्वागत किया और संस्थान की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की।
5 पाठ्यक्रमों से शुरू हुआ केंद्र, अब 14 कोर्स संचालित
निदेशक प्रो. कुलदीप अत्री ने संस्थान की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 1992 में पांच पाठ्यक्रमों के साथ शुरू हुआ क्षेत्रीय केंद्र आज 12 विभागों के अंतर्गत 14 पाठ्यक्रम संचालित कर रहा है। वर्ष 2026 में 30 सीटों के साथ एलएलएम (LL.M.) पाठ्यक्रम भी शुरू किया गया है। इसके लिए उन्होंने कुलपति और विश्वविद्यालय प्रशासन का आभार जताया।
उन्होंने बताया कि संस्थान में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, शोध कार्यशालाएं, करियर काउंसलिंग, प्लेसमेंट और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं। पिछले तीन वर्षों में यहां के शिक्षकों ने 101 शोध पत्र प्रकाशित किए हैं। इसके अलावा दो अनुसंधान परियोजनाओं पर भी काम किया जा रहा है।
खेलों में भी क्षेत्रीय केंद्र के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जूडो, भारोत्तोलन, शूटिंग और वॉलीबॉल में विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर भागीदारी की है। भारोत्तोलन में स्वर्ण पदक और वॉलीबॉल में चार छात्राओं की राष्ट्रीय स्तर पर भागीदारी संस्थान के लिए गौरव की बात है।
MERU और RUSA के तहत मिले 90 लाख रुपये
निदेशक ने बताया कि MERU और RUSA योजनाओं के अंतर्गत विश्वविद्यालय से संस्थान को महत्वपूर्ण सहयोग मिला है। इन योजनाओं के माध्यम से तीन इंटरैक्टिव पैनल, 30 कंप्यूटर, प्रिंटर और यूपीएस सहित भवन, आधारभूत ढांचे, बिजली और रखरखाव से जुड़े विकास कार्यों के लिए करीब 90 लाख रुपये की सहायता प्राप्त हुई है।
AI और क्वांटम टेक्नोलॉजी के दौर में शोध पर दें ध्यान: कुलपति
अपने संबोधन में कुलपति प्रो. महावीर सिंह ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और क्वांटम टेक्नोलॉजी के तेजी से विकसित होते दौर में उच्च शिक्षण संस्थानों को पारंपरिक शिक्षण पद्धतियों से आगे बढ़ना होगा। अब शोध, नवाचार और बहुविषयक शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों को अलग-अलग विषयों के बीच समन्वय स्थापित करने तथा तकनीक, स्वास्थ्य, पर्यावरण और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों को अपने शोध से जोड़ने के लिए प्रेरित किया।
कुलपति ने बताया कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने हाल ही में IIT रुड़की के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) किया है। इससे शैक्षणिक सहयोग और अनुसंधान गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने आगामी एक वर्ष में व्यावसायिक उपयोगिता वाले करीब 50 पेटेंट विकसित करने का लक्ष्य रखा है।
उन्होंने PM-USHA योजना के तहत पात्र शिक्षकों को एक लाख रुपये तक की शोध सहायता देने की पहल का भी उल्लेख किया। साथ ही शिक्षकों को Scopus और SCI जैसी प्रतिष्ठित शोध पत्रिकाओं में शोध प्रकाशित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
उत्कृष्ट प्रोजेक्ट बनाने वाले विद्यार्थियों को विदेश यात्रा के लिए मिलेगी मदद
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय आपदा प्रबंधन और भू-विज्ञान के क्षेत्र में आधुनिक प्रयोगशालाएं स्थापित करने तथा विद्यार्थियों के नवाचारों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि उत्कृष्ट नवाचार परियोजनाएं विकसित करने वाले विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक अनुभव दिलाने के लिए विदेश यात्रा हेतु 100 प्रतिशत वित्तीय सहायता प्रदान करने की पहल की जाएगी।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले दशकों में हिमाचल प्रदेश में ऊर्जा क्षेत्र रोजगार और आर्थिक विकास का प्रमुख आधार बनेगा। इसलिए युवाओं को केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि निजी और कॉर्पोरेट क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों के लिए भी खुद को तैयार करना चाहिए।
उन्होंने आधुनिक विज्ञान और भारतीय दर्शन के आपसी संबंधों पर भी विचार रखे और संत कबीर के दोहे के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यापक चिंतन के लिए प्रेरित किया। अंत में उन्होंने पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
120 मेधावी विद्यार्थियों को मिला सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
समारोह का मुख्य आकर्षण वार्षिक पुरस्कार वितरण रहा। इसमें करीब 120 शैक्षणिक मेधावी विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और सांस्कृतिक गतिविधियों में प्रतिभा दिखाने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
केंद्रीय छात्र संघ (SCA) की ओर से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने लोकनृत्य, संगीत और अन्य रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने हिमाचल प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। उपस्थित अतिथियों और दर्शकों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में प्रो. डी.पी. शर्मा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। उन्होंने समारोह को सफल बनाने में योगदान देने वाले अतिथियों, शिक्षकों, गैर-शिक्षक कर्मचारियों, SCA सदस्यों और विद्यार्थियों का आभार जताया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

