पूर्व सैनिकों और वन विभाग से सेवानिवृत्त महिला कर्मचारियों के लिए सुनहरा मौका, 23 पदों के लिए होंगे शारीरिक परीक्षण और इंटरव्यू, जनरल ड्यूटी पदों के लिए हिमाचल का स्थायी निवासी होना जरूरी
हिमखबर डेस्क
133 पैदल वाहिनी (प्रादेशिक सेना) इकोलोजिकल डोगरा द्वारा 19 मई, 2026 को शिमला के जतोग मिलिट्री कैंट में भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह भर्ती पूर्व सैनिकों (पेंशनधारक) और पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय तथा हिमाचल प्रदेश वन विभाग की सेवानिवृत्त महिला कर्मचारियों के लिए की जा रही है। इच्छुक उम्मीदवारों को सुबह 5:30 बजे स्क्रीनिंग प्रक्रिया (शारीरिक परीक्षण और इंटरव्यू) के लिए उपस्थित होना होगा।
इस भर्ती के तहत कुल 23 पद भरे जाएंगे, जिनमें जूनियर कमीशन अफसर का एक पद, सिपाही जनरल ड्यूटी के 18 पद, क्लर्क/प्रबंधक का एक, धोबी एक, ब्लैक स्मिथ का एक और नर्सिंग सहायक का एक पद शामिल हैं। जनरल ड्यूटी पदों के लिए हिमाचल प्रदेश के स्थायी निवासी पात्र होंगे, जबकि ट्रेड्समैन पदों के लिए पूरे भारत से उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।
आवेदक का पेंशनधारक और भूतपूर्व सैनिक होना जरूरी है। जेसीओ/जवान का हिमाचल प्रदेश का निवासी होना अनिवार्य है और उम्मीदवार पिछले पांच वर्षों के भीतर सेवानिवृत्त होना चाहिए। चरित्र ‘एक्सेम्पलरी ’ या ‘वैरी गुड’ होना चाहिए तथा शारीरिक रूप से शेप-वन फिटनेस जरूरी है।
न्यूनतम कद 160 सेमी (कुछ वर्गों के लिए छूट) और वजन कम से कम 50 किलोग्राम होना चाहिए। इसके अलावा महिला उम्मीदवारों के लिए एमओईएफ एंड सीसी या राज्य वन विभाग से सेवानिवृत्त महिला कर्मचारी, जिन्होंने कम से कम 20 साल सेवा की हो, आवेदन कर सकती हैं। उन्हें हिमाचल प्रदेश का निवासी होना जरूरी है और पिछले पांच वर्षों के भीतर सेवानिवृत्त होना चाहिए।
न्यूनतम कद 150 सेमी और वजन 42 किलोग्राम निर्धारित किया गया है। पुरुष उम्मीदवारों के लिए 1.6 किमी दौड़, बैलेंस वॉक और डिच जंप जैसे शारीरिक परीक्षण होंगे। महिला उम्मीदवारों के लिए वनीकरण और नर्सरी प्रबंधन से संबंधित दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी।
सभी ट्रेड्स के लिए ट्रेड टेस्ट भी लिया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को साल में 8-10 महीने तक सेवा में रखा जाएगा और 2-4 महीने के लिए अवकाश दिया जाएगा। एक्स जेसीओ को नायब सूबेदार और एक्स ओआर को सिपाही के पद पर नियुक्त किया जाएगा। सेवा के दौरान कोई वेतन वृद्धि, ग्रेच्युटी या पेंशन नहीं दी जाएगी।
भर्ती में फर्जी दस्तावेज दिखाने पर फंसेंगे
उम्मीदवारों को पीपीओ, डिस्चार्ज बुक, डोमिसाइल सर्टिफिकेट, 10 पासपोर्ट फोटो, चरित्र प्रमाण पत्र और शैक्षणिक प्रमाण पत्र साथ लाना अनिवार्य है। अधिसूचना के अनुसार भर्ती पूरी तरह नि:शुल्क है, किसी भी दलाल से सावधान रहें। फर्जी दस्तावेज देने पर कानूनी कार्रवाई होगी। रैली स्थल पर मोबाइल फोन ले जाना प्रतिबंधित है और किसी भी दुर्घटना के लिए प्रशासन जिम्मेदार नहीं होगा।

