नालागढ़/सोलन – रजनीश ठाकुर
नालागढ़ उपमंडल की तहसील रामशहर के शिमला मार्ग ढोली चौक के पास स्थित एक कुएं में प्रवासी मजदूर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रूप गब्बर यादव (32), पुत्र सुकई यादव, निवासी केशव नगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है, जो लंबे समय से रामशहर में मजदूरी कर रहा था। पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए नालागढ़ के सिविल अस्पताल भेज दिया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
1 अप्रैल से था लापता, बच्चों ने कुएं में देखा शव
जानकारी के अनुसार, गब्बर यादव 1 अप्रैल से लापता था, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट रामशहर पुलिस थाने में दर्ज करवाई गई थी। बुधवार को कुछ बच्चे जब कुएं से पानी पी रहे थे, तो उन्होंने उसमें एक शव तैरता हुआ देखा। बच्चों ने तुरंत स्थानीय लोगों को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई।
हत्या की आशंका, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकालकर जांच शुरू की और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया, जिसने मौके से सैंपल एकत्र किए। शव के मुंह और शरीर से खून बह रहा था, जिससे स्थानीय लोगों को हत्या की आशंका है।
स्थानीय दुकानदार श्याम कुमार के बोल
स्थानीय दुकानदार श्याम कुमार ने बताया कि शव को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि गब्बर यादव की हत्या कर उसे कुएं में फेंका गया। मृतक के भाई रमन यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उसका भाई शराब जरूर पीता था, लेकिन ऐसा कदम नहीं उठा सकता। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
एएसपी बद्दी अशोक वर्मा के बोल
इस मामले पर एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर मौजूद है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और लोग जल्द से जल्द मामले की सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं।

