ऊना, अमित शर्मा
हिमाचल प्रदेश के ऊना में विजिलेंस की टीम ने एक पंचायत सचिव को मंगलवार को 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है। विजिलेंस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार रोधी अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत केस दर्ज किया गया है। वहीं, विजिलेंस की इस कार्रवाई से क्षेत्र हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार हरोली विधानसभा की ईसपुर पंचायत सचिव विष्णु शर्मा निवासी कांगड़ तहसील हरोली ईंटों के डंप के लिए एनओसी देने की एवज में 12 हजार की रिश्वत मांग कर रहा था। इसकी शिकायत विजिलेंस को मिली।
विजिलेंस टीम ने सुनियोजित तरीके से आरोपी सचिव को 12 हज़ार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की पुष्टि एएसपी सागर चंद्र ने की है। उन्होंने ने बताया कि आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।