हिमखबर डेस्क
बारिश से बाधित एक दिवसीय मैच का दर्शकों में जमकर खुमार चढ़ा। 25-25 ओवरों के मैच में भारत और अफगानिस्तान के बल्लेबाजों ने चौकों और छक्कों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। दर्शकों को रोमांचक खेल के साथ रिकॉर्डों की बरसात भी देखने को मिली। मैच के दौरान कई पुराने रिकॉर्ड टूटे और नए कीर्तिमान स्थापित हुए।

अफगानिस्तान के बल्लेबाज गुरबाज ने धर्मशाला में सबसे तेज शतक जड़कर नया रिकॉर्ड अपने नाम किया। गुरबाज ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए और विरोधी गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उनकी पारी की बदौलत दर्शकों को चौकों-छक्कों की भरपूर सौगात मिली।
इस दौरान मैच में सर्वाधिक छक्के लगाने का पुराना रिकॉर्ड भी टूट गया। गुरबाज ने धर्मशाला में 8 छक्के लगाकर ट्रेविस हेड के सबसे अधिक 7 छक्कों के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया। इसके अलावा पदार्पण मैच खेल रहे हर्ष दुबे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट लिए। हालांकि इसके लिए उन्होंने 5 ओवर में 47 रन भी लुटाए।

बराड़ ने भी 4.5 ओवर में 27 रन देकर तीन विकेट हासिल किए और टीम की सफलता में योगदान दिया। बारिश के कारण मैच कई बार प्रभावित हुआ, लेकिन खिलाड़ियों के उत्साह और दर्शकों के जोश में कोई कमी नहीं दिखी। मुकाबले में बने नए रिकॉर्ड और खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन ने धर्मशाला के क्रिकेट प्रेमियों को लंबे समय तक याद रहने वाला रोमांचक अनुभव दिया। टीम 24.5 ओवर में 194 रन पर सिमट गई।
ड्रेनेज सिस्टम का कमाल, बारिश के आधे घंटे बाद क्रिकेट मैच शुरू
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला ने शनिवार को एक बार फिर विश्वस्तरीय सुविधाओं और बेहतरीन संचालन क्षमता का प्रदर्शन किया। रातभर और शनिवार दोपहर बाद तक हुई भारी बारिश के बावजूद भारत-अफगानिस्तान के बीच एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबला बारिश थमने के महज आधे घंटे बाद शुरू हो गया।

मैदान में है एसआईएस टर्फ मैनेजमेंट सिस्टम
धर्मशाला के क्रिकेट स्टेडियम में स्थापित अत्याधुनिक एसआईएस टर्फ मैनेजमेंट सिस्टम, सब-सर्फेस ड्रेनेज नेटवर्क और सुपर सॉपर मशीनों की मदद से ग्राउंड स्टाफ ने भीगे मैदान को रिकॉर्ड समय में तैयार किया।

26 अंतरराष्ट्रीय मैचों में से 22 के निकले हैं रिजल्ट
अत्याधुनिक तकनीक और ग्राउंड स्टाफ की बदौलत मैदान को बेहद कम समय में खेलने योग्य बना दिया गया। तेजी से बदलते मौसम वाले पहाड़ी क्षेत्र के लिहाज से स्टेडियम का रिकॉर्ड बेहतरीन रहा है। यहां अब तक खेले 26 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में से 22 सफलतापूर्वक पूरे हुए हैं, जबकि 19 आईपीएल मैचों में से 18 में परिणाम निकला है।

पांड्या और अय्यर की श्रेणी में शामिल हुए दुबे-बराड़
धौलाधार की वादियों में स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला भारतीय क्रिकेट के इतिहास में कई बड़े डेब्यू का गवाह रहा है। इसी मैदान से भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए अपना पहला डेब्यू किया था।
इसी ऐतिहासिक कड़ी में अब धर्मशाला मैदान से डेब्यू करने वाले खिलाड़ियों में भारत के हर्ष दुबे और गुरनूर बराड़ का नाम भी शामिल हो गया है। इन दोनों युवा खिलाड़ियों को इस खूबसूरत मैदान पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखने का सुनहरा अवसर मिला।

मैच के बाद ड्रोन शो का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न कलाकृतियों को दर्शाया गया। इस दृश्य को दर्शकों ने अपने मोबाइल फोन में कैद किया। ड्रोन शो के दौरान विभिन्न शक्तिपीठों की कलाकृतियां दर्शाई गईं।

