चम्बा के GSSS ककीरा ने राज्य स्तरीय अंडर-19 सांस्कृतिक प्रतियोगिता 2026 में संस्कृत गीतिका में प्रथम और समूहगान में द्वितीय स्थान हासिल किया।
चम्बा – भूषण गुरूंग
राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ककीरा के विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय अंडर-19 सांस्कृतिक प्रतियोगिता-2026 में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय सहित जिला चंबा का नाम रोशन किया है। जिला सोलन के अर्की में आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यालय के 13 विद्यार्थियों ने भाग लिया और अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए दो महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं।
प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने संस्कृत गीतिका में प्रथम स्थान तथा समूहगान में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य जगजीत आज़ाद ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत और संगीत शिक्षक तरुण इशर के कुशल मार्गदर्शन एवं अथक प्रयासों को दिया। उन्होंने प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के साथ गए अध्यापक गौरव ठाकुर और चमन लाल को भी बधाई दी।
गौरतलब है कि इससे पहले भी विद्यालय ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सात प्रथम पुरस्कार हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था।
विद्यालय प्रबंधन ने इस उपलब्धि का श्रेय समस्त स्टाफ, विद्यालय प्रबंधन समिति, पंचायत प्रतिनिधियों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग को दिया है।
राज्य स्तर पर मिली इस सफलता ने विद्यालय के विद्यार्थियों की प्रतिभा और सांस्कृतिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी को एक नई पहचान दी है।

