एक 22 वर्षीय युवक की आत्महत्या का मामला सामने आया है, कमरे में वूफर चल रहा था, तभी युवक की मां ने खिड़की से अंदर देखा और घटना का पता चला।
चम्बा – भूषण गुरुंग
उपतहसील पुखरी के तहत ग्राम पंचायत कंदला के बनगाटी गांव में बुधवार देर रात एक 22 वर्षीय युवक की ओर से कमरे में पंखे से फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त करने का मामला सामने आया है।
मृतक की पहचान सुधीर कुमार (22) पुत्र स्वर्गीय देवेंद्र कुमार, निवासी गांव बनगाटी, डाकघर कंदला उपतहसील पुखरी के रूप में हुई है। युवक ने आत्मघाती कदम उठाने से पहले कमरे में तेज आवाज में साउंड सिस्टम (वूफर) चला रखा था, ताकि बाहर किसी को भनक न लग सके। इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक सुधीर कुमार बुधवार रात करीब 10 बजे अपने घर पहुंचा। घर आने के बाद वह सीधे अपने कमरे में चला गया और वहां तेज आवाज में वूफर (स्पीकर) बजा दिया। रात करीब 11 बजे तक जब गाने बजने का सिलसिला बंद नहीं हुआ, तो उसकी मां भितो देवी यह सोचकर कमरे की तरफ गईं कि शायद सुधीर को वूफर आन रखकर नींद आ गई होगी और वह सारी रात बजता रहेगा।
जैसे ही मां कमरे के पास पहुंची, तो अंदर से दरवाजा और खिड़कियां पूरी तरह बंद मिले। अनहोनी की आशंका के बीच जब उन्होंने खिड़की के शीशे से अंदर झांककर देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। भीतर सुधीर फंदे से लटक रहा था। खौफनाक मंजर देखकर मां की चीख निकल गई। मां की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और स्वजन तुरंत मौके पर दौड़े।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत खिड़की को तोड़ा और किसी तरह कमरे के भीतर दाखिल होकर सुधीर को फंदे से नीचे उतारा। सांसें बाकी होने की उम्मीद में परिजन और ग्रामीण उसे आनन-फानन में बिना समय गंवाए पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कालेज एवं अस्पताल चंबा लेकर पहुंचे, हालांकि अस्पताल में तैनात चिकित्सकों ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।
ट्रैक्टर चलाकर चलाता था रोजी-रोटी, पिता की पहले हो चुकी है मौत
ग्रामीणों ने बताया कि सुधीर कुमार ट्रैक्टर चलाकर अपनी आजीविका कमाता था और घर का सहारा बना हुआ था। उसकी मां भितो देवी हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड में कार्यरत हैं। परिवार पर दुखों का पहाड़ पहले भी टूट चुका था। कुछ वर्ष पूर्व एक सड़क हादसे में सुधीर के पिता देवेंद्र कुमार की असामयिक मृत्यु हो गई थी। अब 22 वर्षीय जवान बेटे के यूं चले जाने से परिवार पूरी तरह बिखर गया है और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
मामले की पुष्टि एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने की है।

