हिमाचल में एक दर्दनाक हादसे में पिकअप वाहन नदी में गिर गया, जिससे चालक की मौके पर मौत हो गई, हादसे ने तीन बच्चों के सिर से पिता का साया छीन लिया।
चम्बा – भूषण गुरुंग
हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। भरमौर के ढकोग-बन्नी सड़क मार्ग पर एक पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर नीचे रावी नदी में जा गिरी। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक अपने पीछे बुजुर्ग मां, पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
ढकोग-बन्नी सड़क पर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मुकेश कुमार पुत्र अमर सिंह, निवासी थला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे मुकेश कुमार अपनी पिकअप गाड़ी (HP-46-A-1853) में ढकोह से अपने घर तरेला की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान गुवाड़ी चौक से करीब 300 मीटर आगे उनकी पिकअप अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे करीब 400 मीटर गहरी खाई में गिरते हुए रावी नदी में जा समाई। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में मुकेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में उजड़ गया परिवार
दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मुकेश कुमार अपने पीछे बुजुर्ग माता, पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। परिवार के लिए यह क्षति अपूरणीय है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

