हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में बनखंडी चिड़ियाघर परियोजना के तहत 111 पदों को मंजूरी मिली है, इससे परियोजना के संचालन के लिए रोजगार के अवसर खुलने की उम्मीद है, इच्छुक युवाओं को भर्ती प्रक्रिया, योग्यता और आवेदन संबंधी आधिकारिक जानकारी पर नजर रखनी चाहिए।
हिमखबर डेस्क
कांगड़ा जिले के देहरा स्थित दुर्गेश अरण्य अंतरराष्ट्रीय चिडिय़ाघर बनखंडी में कर्मचारियों की व्यवस्था के लिए प्रदेश सरकार ने 111 पदों और तैनातियों को मंजूरी दी है। इनमें 19 अतिरिक्त पद वन विभाग के हैंद्व जबकि 61 पदों पर सहायक कर्मचारियों को रखा जाएगा और 31 वन मित्र तैनात होंगे।
इस संबंध में राज्य सरकार ने अधिसूचना भी जारी की है। इसके तहत वन विभाग के 19 अतिरिक्त पदों को भरने के लिए विभाग की मौजूदा व्यवस्था से समान संख्या में पद समर्पित किए जाएंगे।
इनमें निदेशक, उपनिदेशक, सहायक वन संरक्षक, वन परिक्षेत्र अधिकारी, डिप्टी रेंजर, वन रक्षक, अधीक्षक ग्रेड-दो, वरिष्ठ सहायक, कनिष्ठ कार्यालय सहायक (आईटी), चपरासी, वन कर्मी, पशु चिकित्सा अधिकारी और सिविल व इलेक्ट्रिकल इंजीनियरों के पद शामिल हैं।
अधिसूचना के तहत चिडिय़ाघर के संचालन के लिए 61 सहायक कर्मचारियों को रखने की मंजूरी दी गई है। अधिसूचना में इन पदों के लिए आवेदन शुरू होने की तारीख, अंतिम तारीख या चयन प्रक्रिया का विस्तृत कार्यक्रम नहीं दिया गया है।
इन 61 पदों में सबसे अधिक 36 पद एनिमल अटेंडेंट के होंगे। इनके लिए 12वीं पास होना, शारीरिक रूप से स्वस्थ होना और पशुओं की देखभाल में रुचि या अनुभव होना जरूरी है। इसके अलावा चार पशु चिकित्सा सहायक या तकनीशियन, चार चालक और पांच तकनीकी कर्मचारी रखे जाएंगे।
अन्य पदों में तीन सहायक क्यूरेटर, चिडिय़ाघर जीवविज्ञानी या पोषण विशेषज्ञ, दो वैज्ञानिक अधिकारी, दो शोध सहायक, दो आईटी एवं डिजिटल कार्यों से जुड़े कर्मचारी, एक शिक्षा एवं व्याख्या अधिकारी व एक बागबानी या लैंडस्केपिंग से संबंधित कर्मचारी शामिल है।
वनमित्रों की तैनाती को मंजूरी
सरकार ने चिडिय़ाघर के लिए 31 वन मित्रों की तैनाती को भी मंजूरी दी है। इनकी नियुक्ति निर्धारित वन मित्र नीति के अनुसार होगी, जबकि चिडिय़ाघर में एमटीडब्ल्यू, सफारी चालक, लैंडस्केपिंग, प्लंबर और इलेक्ट्रिशियन की सेवाएं आउटसोर्सिंग के माध्यम से ली जाएंगी।



