हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश किन्नौर के पोवारी में शोंगटोंग पावर प्रोजेक्ट की बैराज साइट पर भारी भूस्खलन हुआ है। भूस्खलन के दौरान कई पेड़ गिर गए। वहीं साइट पर काम कर रहे मजदूरों ने भागकर अपनी जान बचाई।
भूस्खलन होने से एक पेट्रोल पंप और एक घर को खतरा हो गया है। यदि फिर से भूस्खलन होता है तो पेट्रोल पंप और घर ढह सकता है। निर्माणाधीन बैराज को भी नुकसान हुआ है। यह घटना शुक्रवार सुबह हुई।
जानकारी के अनुसार बैराज साइट पर निर्माण कार्य चल रहा था। इसी बीच अचानक भूस्खलन होना शुरू हो गया। बैराज साइट पर काम कर रहे मजदूरों ने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते कई पेड़ ढह गए। भूस्खलन के बाद चारों ओर धूल का गुबार फैल गया। गनीमत यह रही कि भूस्खलन की चपेट में कोई कामगार नहीं आया।

