सिरमौर जिला के पांवटा साहिब तहसील की पंचायत क्षछेत्ती के अंतर्गत आने वाले क्यारी गांव के होनहार युवा रवि दत्त शर्मा पुत्र रामानंद शर्मा ने अपनी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयासों के दम पर शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
रवि दत्त शर्मा का चयन CBSE में हिंदी प्रवक्ता के पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि की जानकारी मिलते ही क्यारी गांव सहित आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
रवि दत्त शर्मा ने शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय तक अध्यापन कार्य किया है। उन्होंने करीब सात वर्षों तक कोचिंग संस्थानों में विद्यार्थियों को पढ़ाया। इसके बाद राजबन स्थित बीएड कॉलेज में भी करीब दो वर्षों तक अध्यापन सेवाएं दीं।
इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी विषय की पढ़ाई कराने के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी मार्गदर्शन दिया। हिंदी विषय में रवि दत्त शर्मा ने NET और SET जैसी महत्वपूर्ण पात्रता परीक्षाएं भी उत्तीर्ण की हैं। हालांकि, सफलता की इस राह में उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
वर्ष 2023 में कॉलेज कैडर के लिए आयोजित इंटरव्यू में वह चयनित नहीं हो पाए थे। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी तैयारी लगातार जारी रखी। असफलता को सीख में बदलते हुए उन्होंने मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना जारी रखा और अब CBSE में हिंदी प्रवक्ता के पद पर चयन हासिल किया है।
रवि दत्त शर्मा की सफलता उनके परिवार के संघर्ष और मेहनत से भी जुड़ी है। उनके पिता रामानंद शर्मा धौलाकुआं स्थित एक कंपनी में सिक्योरिटी की नौकरी करते हैं। साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि और सीमित संसाधनों के बीच रवि दत्त शर्मा ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है।
ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर यह उपलब्धि हासिल करने पर क्षेत्रवासियों में खुशी है। ग्रामीणों का कहना है कि रवि दत्त शर्मा की सफलता गांव के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा है। रवि दत्त शर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय परिजनों, शिक्षकों और निरंतर परिश्रम को दिया है।

