हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनी राम शांडिल ने शिमला स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (IGMC) के कैंसर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कैंसर वार्ड का दौरा कर वहां उपचाराधीन मरीजों और उनके तामीरदारों (परिजनों) से बातचीत की तथा अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं व व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
मरीजों को मिल रही हैं PGI स्तर की सुविधाएं: स्वास्थ्य मंत्री
अस्पताल परिसर का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनी राम शांडिल ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आईजीएमसी के कैंसर अस्पताल में मरीजों को चंडीगढ़ के पीजीआई जैसी उच्च स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बेहतरीन चिकित्सा सेवाओं के लिए अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों की पीठ थपथपाई।
कैंसर के बढ़ते मामलों पर चिंता, वार्ड की क्षमता बढ़ाएगी सरकार
स्वास्थ्य मंत्री ने प्रदेश में कैंसर रोगियों की लगातार बढ़ती संख्या पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा, “राज्य में कैंसर के मामलों का बढ़ना एक गंभीर विषय है। यही वजह है कि प्रदेश सरकार कैंसर उपचार से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ व मजबूत करने की दिशा में निरंतर काम कर रही है।” उन्होंने आश्वासन दिया कि कैंसर वार्ड की क्षमता बढ़ाने और मरीजों को आधुनिक इलाज उपलब्ध कराने के लिए जल्द ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
सुविधाओं के विस्तार के लिए मुख्यमंत्री से होगा विमर्श
डॉ. धनी राम शांडिल ने कहा कि आईजीएमसी सहित प्रदेश के अन्य प्रमुख स्वास्थ्य संस्थानों में कैंसर रोगियों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित करने को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भी विस्तार से चर्चा की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि सुक्खू सरकार प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को घरद्वार पर गुणात्मक व बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

