हिमखबर डेस्क
शिमला के संजौली में हाउसिंग बोर्ड कालोनी स्थित सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल की गोली मारकर हत्या मामले की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है।
रिपोर्ट के अनुसार हमलावरों ने मनीषा को उस समय निशाना बनाया जब वह स्कूल की ओर लौट रही थीं। आरोपितों ने पीछे से करीब तीन फुट की दूरी से उनके सिर पर गोली मारी। सिर में गोली लगते ही मनीषा जमीन पर गिर गईं।
इसके बाद भी हमलावर नहीं रुके तथा उन्होंने दो और फायर किए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक दोनों गोलियां उनके शरीर को छूकर निकल गईं। चिकित्सकों के अनुसार सिर में लगी पहली गोली ही उनकी मौत का कारण बनी।
रिपोर्ट से संकेत मिला है कि हमलावर बेहद करीब थे और वारदात को अंजाम देने की पूरी तैयारी के साथ आए थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट जांच का अहम आधार बनी हुई है।
रिपोर्ट से फायरिंग की दूरी, गोली लगने की दिशा और घटनाक्रम से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। जांच एजेंसियां घटनास्थल से जुटाए अन्य साक्ष्यों, तकनीकी सुबूतों और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के साथ इन तथ्यों का मिलान कर रही हैं।
गिरफ्तार दोनों शूटरों से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस पता लगाने में जुटी है कि उन्हें हत्या की सुपारी किसने दी व वारदात के पीछे साजिशकर्ता कौन है।
पुलिस हत्याकांड से जुड़े हर पहलू को खंगाल रही है। फोरेंसिक मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डा. पीयूष कपिल और प्रोफेसर डा. राहुल गुप्ता का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट केवल मौत का कारण नहीं बताती, बल्कि यह भी स्पष्ट करती है कि चोट कैसे लगी, गोली किस दिशा से चली, हमलावर और पीड़ित के बीच कितनी दूरी थी तथा घटना किन परिस्थितियों में हुई।
एडीएम ज्योति बनी पैराडाइज स्कूल की प्रशासक
सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल स्कूल का प्रबंधन अब प्रशासन के नियंत्रण में रहेगा। उपायुक्त एवं सह-अतिरिक्त रजिस्ट्रार सोसायटीज अनुपम कश्यप ने अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकाल) ज्योति राणा को स्कूल और उससे संबद्ध हिमाचल पब्लिक स्कूल एजुकेशनल सोसायटी का प्रशासक नियुक्त किया है।
यह नियुक्ति प्रारंभिक तौर पर छह माह के लिए की गई है। प्रशासक के रूप में ज्योति राणा विद्यालय और सोसायटी के दैनिक कार्यों का संचालन करेंगी। साथ ही सोसायटी के उपविधियों और प्रचलित कानूनों के अनुरूप नई गवर्निंग बॉडी के गठन की प्रक्रिया भी पूरी कराएंगी।
स्कूल संचालिका हत्याकांड
क्या है मामला?
13 जून की शाम करीब साढ़े छह बजे संजौली में स्कूल गेट के बाहर नकाबपोश दो हमलावरों ने मनीषा पर तीन गोलियां चलाई थीं। इसमें 41 वर्षीय मनीषा पत्नी डॉ. सुभाष यादव निवासी एनएच-8 गोल्टन हाइट्स विला सोसायटी -150 रेवाड़ी (हरियाणा) की मौत हो गई थी।
सोमवार को पुलिस ने दो आरोपितों 22 वर्षीय आशीष अहलावत निवासी ग्राम दुजाना जिला झज्जर हरियाणा तथा 25 वर्षीय दीपक निवासी सुनारिया खुर्द तहसील एवं जिला रोहतक हरियाणा को रोहतक से गिरफ्तार किया था।

