चंबा को मिली 20 नई बसों की सौगात, उप मुख्यमंत्री ने 10 इलेक्ट्रिक और 10 डीजल बसों को दी हरी झंडी

--Advertisement--

चंबा से चिंतपूर्णी तक अब इलेक्ट्रिक बस का सफर, मुकेश अग्निहोत्री ने बस को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से पर्यावरण अनुकूल परिवहन को मिलेगा बढ़ावा: मुकेश अग्निहोत्री

चंबा, 19 सितंबर – भूषण गुरुंग

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज चंबा जिला को 10 इलेक्ट्रिक और 10 डीजल बसों की सौगात दी। उन्होंने चंबा में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद 10 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें से पहली इलेक्ट्रिक बस चंबा से माता श्री चिंतपूर्णी जी के लिए रवाना हुई। यह बस बनीखेत, दुनेरा, सदवां, नूरपुर, धमेटा और तलवाड़ा होते हुए माता श्री चिंतपूर्णी तक चलेगी।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए इन इलेक्ट्रिक बसों को विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। प्रदेश के लिए उपयुक्त बस का प्रोटोटाइप तय करने में काफी समय लगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में इलेक्ट्रिक बसों का सफल संचालन हो रहा है और चालकों को इनके संचालन के लिए प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश में 297 इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं। ये बसें पर्यावरण के अनुकूल हैं तथा इनकी 12 साल तक की मेंटिनेंस की जिम्मेदारी संबंधित कंपनी की है।

चंबा में पहली बार शुरू हुआ इलेक्ट्रिक बसों का संचालन

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि चंबा में पहली बार 10 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू हुआ है। यह चंबा के लिए महत्वपूर्ण दिन है। आने वाले समय में चंबा में मिड्डी बसें भी चलाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि परिवहन व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए निगम में सरकार जल्द ही चालकों और परिचालकों की भर्ती भी करेगी।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जल शक्ति विभाग की विभिन्न योजनाओं की भी उन्होंने अधिकारियों से जानकारी ली है। इन योजनाओं के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध है तथा निर्माणाधीन योजनाओं को तय समय में पूरा किया जाएगा।

चंद्रशिला मंदिर में शीश नवाया, विकास कार्यों का किया निरीक्षण

इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाने के बाद उप मुख्यमंत्री ने चंबा के कश्मीरी मोहल्ला स्थित श्री चंद्रशिला मंदिर में शीश नवाया और आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने भाषा एवं संस्कृति विभाग द्वारा 27.41 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे ऑडिटोरियम का निरीक्षण किया।

उन्होंने कहा कि इसके लिए पर्याप्त बजट का प्रावधान कर दिया गया है और निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। इसे आगामी दो माह में पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने चंबा में 8 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन मल्टी स्टोरी कार पार्किंग भवन का भी निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को निर्माण कार्य तय अवधि में पूरा करने के निर्देश दिए।

मंगला में दो करोड़ से बन रहे विश्राम गृह का निरीक्षण

मुकेश अग्निहोत्री ने मंगला में जल शक्ति विभाग द्वारा करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे विश्राम गृह का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह विश्राम गृह विभाग की आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ-साथ पर्यटकों और आम लोगों के लिए भी उपयोगी होगा। इससे स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र में लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

ये रहे उपस्तिथ

इस अवसर पर पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी, चंबा विधानसभा क्षेत्र के विधायक नीरज नैयर, एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा, एचआरटीसी निदेशक मंडल के सदस्य एवं जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरजीत सिंह भरमौरी, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अमित भरमौरी एवं यशवंत खन्ना, जिला परिषद उपाध्यक्ष लियाकत अली, जिला युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष सुनाभ सिंह पठानिया, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी, जल शक्ति विभाग के मुख्य अभियंता दीपक गर्ग, अधीक्षण अभियंता राजेश मोंगरा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

--Advertisement--
--Advertisement--

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

--Advertisement--

Popular

More like this
Related