अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का द्रोणाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय रैत में आयोजन, 21 दिवसीय योग शिविर का समापन, संजीवनी क्लब के सौजन्य से हुआ आयोजन, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस सभी ने दैनिक जीवन में योग को अपनाने का किया संकल्प
शाहपुर – नितिश पठानियां
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर द्रोणाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय रैत में संजीवनी क्लब के सौजन्य से विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को योग के महत्व से अवगत करवाना तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।

इस अवसर पर त्रिगर्त दिव्य योगाश्रम कांगड़ा के संस्थापक एवं प्रसिद्ध योग गुरु योगी रंजीत सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। वहीं डॉ. बी.एस. पठानिया, एक्सपर्ट राजयोग मेडिटेशन तथा रोटरी क्लब शाहपुर के अध्यक्ष रोटेरियन सत्येंद्र गौतम विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रवीण शर्मा तथा संजीवनी क्लब की संयोजिका पारुल शर्मा ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का पारंपरिक पहाड़ी टोपी, शॉल और पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम के दौरान योग गुरु योगी रंजीत सिंह ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाया।

उन्होंने योग की विभिन्न मुद्राओं की जानकारी देते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य बेहतर होता है। उन्होंने युवाओं से प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
विशेष अतिथि डॉ. बी.एस. पठानिया ने उपस्थित जनों को राजयोग मेडिटेशन की विभिन्न क्रियाओं का अभ्यास करवाया तथा मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और आत्मिक विकास में ध्यान की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवन की व्यस्तताओं और तनावपूर्ण परिस्थितियों में योग और मेडिटेशन व्यक्ति को संतुलित एवं स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर महाविद्यालय के द्रोणा फिट मिशन तथा 6 ए.एम. क्लब द्वारा आयोजित 21 दिवसीय योग शिविर का भी विधिवत समापन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा योग को दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। वहीं महाविद्यालय की छात्राओं ने जुम्बा डांस भी करवाया। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
ये रहे उपस्तिथ
इस मौके पर महाविद्यालय के प्रबंधक निदेशक जीएस पठानिया कार्यकारिणी निदेशक डॉ बीएस पठानिया,प्राचार्य प्रवीण शर्मा, प्रदीप बलौरिया,महासचिव,रोटरी क्लब शाहपुर,सहित समस्त शिक्षक व छात्र मौजूद रहे।

