दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी कार, अध्यापिका की मौत; पति-बच्चे और भाभी घायल

--Advertisement--

हिमाचल प्रदेश के चंबा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में अध्यापिका की मौत हो गई, कार खाई में गिरने से उनके पति, दो बच्चे और भाभी घायल हो गए।

चम्बा – भूषण गुरुंग

चंबा-संघणी मार्ग पर रविवार सुबह करीब 11 बजे शल्यूंड नाले के समीप एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार 33 वर्षीय अध्यापिका पुनीता देवी की मौत हो गई, जबकि उनके पति, छह वर्षीय बेटी, तीन वर्षीय बेटा और परिवार की एक अन्य महिला घायल हो गई। गंभीर रूप से घायल बेटे को मेडिकल कॉलेज चंबा से टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

पुनीता देवी निवासी बणी गांव, पंचायत सलूणी, टिकरू स्कूल में अध्यापिका थीं। उनके पति हरिंद्र कुमार (38) सलूणी कॉलेज में क्लर्क के पद पर तैनात हैं। जानकारी के अनुसार, परिवार रविवार सुबह अपने गांव बणी से कार में सलूणी की ओर जा रहा था। इसी दौरान शल्यूंड नाले के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर सिविल अस्पताल सलूणी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने पुनीता देवी को मृत घोषित कर दिया। हादसे में उनके पति हरिंद्र कुमार, छह वर्षीय बेटी शानवी, तीन वर्षीय बेटे समर्थ और हरिंद्र की भाभी रेखा (56) पत्नी दौलत राम घायल हुए हैं।

सिविल अस्पताल सलूणी में प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया गया। वहां समर्थ की हालत में सुधार नहीं होने पर रविवार दोपहर उसे कांगड़ा जिले के टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

डीएसपी रंजन शर्मा के बोल 

डीएसपी रंजन शर्मा ने बताया कि एसएचओ के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

क्रैश बैरियर होते तो खाई में गिरने से बच सकती थी कार

चंबा-संघणी मार्ग पर शल्यूंड नाले के पास रविवार सुबह हुए कार हादसे के बाद क्रैश बैरियर की कमी सामने आई है। दुर्घटना में महिला की जान जाने और परिवार के सदस्यों के घायल होने के बाद सड़क सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटनाओं की आशंका वाले स्थानों पर क्रैश बैरियर लगाए जाने जरूरी हैं। सलूणी पंचायत के प्रधान मदन मोहन शर्मा ने बताया कि चंबा-संघणी मार्ग के इस हिस्से में क्रैश बैरियर नहीं हैं। इस समस्या के बारे में पहले भी लोक निर्माण विभाग को अवगत करवाया जा चुका है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब दुर्घटना संभावित स्थानों पर क्रैश बैरियर लगाने के लिए विभाग को दोबारा प्रस्ताव भेजा जाएगा, ताकि सड़क पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा सकें।

लोक निर्माण विभाग कनिष्ठ अभियंता अजय कुमार के बोल 

उधर, लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता अजय कुमार ने बताया कि मामला विभाग के ध्यान में लाया गया है। संबंधित स्थान पर जल्द क्रैश बैरियर लगवाने की व्यवस्था की जाएगी।

तहसीलदार अभिराय सिंह ठाकुर के बोल 

वहीं, तहसीलदार अभिराय सिंह ठाकुर ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाली महिला के परिजनों को प्रशासन की ओर से 25 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है।

--Advertisement--
--Advertisement--

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

--Advertisement--

Popular

More like this
Related

रियूंद पुल खोलने के आदेश बेअसर, मौके पर NHAI ने खड़े किए हाथ; जाम में फंसे लोग

रियूंद पुल खोलने के आदेशों के बावजूद लोगों को...

हिमाचल में नौकरी का मौका! CBSE स्कूलों में भरे जाएंगे 1359 गैर-शिक्षक पद

आउटसोर्स पर होगी भर्ती, दूसरे चरण में प्रदेश के...

कांगड़ा की करेरी झील पर सूखे का असर! एक फीट तक सिमटा जलस्तर, पर्यटक निराश

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में करेरी झील का...