हिमाचल प्रदेश में ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत हो गई, हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, मृतक की दो बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया और परिवार में मातम पसरा है।
हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में गुरूवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ, यहां पर ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत हो गई। वहीं, इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा जिले के बड़सर उपमंडल की जजरी पंचायत में हुआ। मृतक की पहचान मदन चंद (58 वर्षीय) पुत्र आत्माराम, निवासी जजरी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि गुरूवार देर शाम मदन चंद खेत में गेहूं की बिजाई कर रहे थे, तभी अचानक ट्रैक्टर पलट गया, जिसके नीचे दबने से उनकी जान चली गई। हादसा देर शाम हुआ, लेकिन रात भर किसी को घटना की भनक नहीं लग पाई।
शुक्रवार सुबह जब गांव के लोग खेतों की तरफ से गुजरे, तो उन्होंने ट्रैक्टर को पलटा हुआ पाया। पास जाकर देखने पर मदन चंद उसके नीचे दबे मिले। इसके बाद हादसे की सूचना पुलिस को दी।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं, इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए हैं।

