राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रैत में सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) शिविर का समापन हुआ, इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
शाहपुर – नितिश पठानियां
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रैत में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) विशेष शिविर का समापन समारोह उत्साह और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य शमशेर भारती विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समापन समारोह के दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। नशामुक्त भारत विषय पर अक्षत और उनके साथियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक को खूब सराहना मिली। नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। वहीं, विद्यार्थियों की भांगड़ा प्रस्तुति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
इस अवसर पर स्वयंसेविका जानवी और स्वयंसेवक सौरभ ने सात दिवसीय शिविर के दौरान प्राप्त अपने अनुभवों को शिक्षकों, विद्यार्थियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ साझा किया। उन्होंने शिविर के दौरान सीखी गई बातों और गतिविधियों के अनुभव बताए।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य शमशेर भारती ने एनएसएस स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें मोमेंटो देकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया। शिविर के समापन पर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

