हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में नेशनल हाईवे-505 पर मिलिंग के पास लिटीधार में सेना के दो ट्रकों और एक नागरिक ट्रक की टक्कर हो गई, हादसे में चार जवान घायल हुए। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश के जिला किन्नौर में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां पर सेना के दो वाहनों और एक ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें सेना के चार जवान घायल हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, हादसा जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-505 पर मिलिंग के पास लिटीधार के पास हुआ। घटना सोमवार दोपहर लगभग 1:30 बजे की है। बताया जा रहा है कि सेना के दो ट्रक सीमावर्ती इलाके की ओर जा रहे थे, तभी लिटीधार के पास सिविल ट्रक से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद तीनों वाहन सड़क पर पलट गए। इस हादसे में सेना के चार जवान घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर उनका इलाज किया गया।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पूह थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। वहीं, दुर्घटना में सिविल ट्रक का चालक पूरी तरह सुरक्षित है। पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार शर्मा मामले की पुष्टि की है।

