हिमखबर डेस्क
कड़ी मेहनत, अनुशासन और सटीक निशानेबाजी के दम पर पुलिस शूटिंग क्लब, धौलाकुआं की युवा निशानेबाज #भव्या ठाकुर ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। देहरादून के त्रिशूल शूटिंग रेंज में आयोजित ऑल इंडिया ओपन शूटिंग प्रतियोगिता में भव्या ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
भव्या ठाकुर ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए यूथ वुमन और जूनियर वुमन कैटेगरी में क्वालीफाई किया। प्रतियोगिता में देशभर से पहुंचे प्रतिभागियों के बीच सिरमौर की बेटी ने आत्मविश्वास और बेहतरीन तकनीक का परिचय दिया।
खास बात यह रही कि कठिन मुकाबले के बावजूद उन्होंने लगातार शानदार स्कोर बनाए रखा और अपनी प्रतिभा से निर्णायकों व दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। उनकी इस उपलब्धि को युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है।
उनकी इस सफलता से पुलिस शूटिंग क्लब, धौलाकुआं सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने भी भव्या को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
इस उपलब्धि पर पुलिस शूटिंग क्लब, धौलाकुआं के अध्यक्ष आईपीएस भगमल ठाकुर ने #भव्या को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी मेहनत, समर्पण और खेल के प्रति अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी वो राष्ट्रीय स्तर पर क्लब और प्रदेश का नाम रोशन करती रहेंगी।
वहीं क्लब के सचिव ने भी भव्या ठाकुर को आगामी नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भव्या की उपलब्धि युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है और इससे क्षेत्र के अन्य युवा भी शूटिंग जैसे खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगे।

