मंडी-पठानकोट हाईवे पर 9 वर्षीय बच्चे के साथ दर्दनाक हादसा हुआ, घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है, हादसे से त्योहार की खुशियां गम में बदल गईं।
हिमखबर डेस्क
मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय उच्च मार्ग-154 पर स्थित मोहनघाटी में पेश आए एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की त्यौहार की खुशियों को पलभर में मातम में तब्दील कर दिया। यहां सड़क पार कर रहे एक 9 वर्षीय मासूम बालक को टैक्सी ने अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा उपमंडल की ग्राम पंचायत बदेहड़ के अंतर्गत आने वाले मोहनघाटी क्षेत्र में घटा। स्थानीय निवासी अमित का 9 वर्षीय बेटा मुकुल घर से मंगवाए गए एक ऑनलाइन पार्सल को लेने के लिए सड़क के दूसरी ओर खड़े डिलीवरी ब्वॉयज के पास गया था।
डिलीवरी ब्वॉयज से पार्सल लेने के बाद जब मुकुल वापस अपने घर की ओर लौटने के लिए हाईवे पार कर रहा था, तभी अचानक वहां से गुजर रही एक टैक्सी ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम बालक सड़क पर काफी दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में घायल बालक को उपचार के लिए सिविल अस्पताल बैजनाथ ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के उपरांत मुकुल को मृत घोषित कर दिया।
उधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है तथा हादसे के कारणों की गहनता से जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और मासूम को खोने वाले परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

