हिमाचल प्रदेश के नाहन बस स्टैंड पर पूछताछ काउंटर में तैनात कर्मचारी पर 56 वर्षीय बुजुर्ग और उनके परिवार के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है, घटना के बाद बस स्टैंड में यात्रियों के साथ कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
सिरमौर – नरेश कुमार राधे
हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन में एक बार फिर सरकारी व्यवस्था और कर्मचारियों के गैर-जिम्मेदाराना रवैये पर सवाल खड़े हो गए हैं। नाहन बस अड्डे पर बस सेवा की जानकारी मांगने गए 56 वर्षीय एक बुजुर्ग और उनके परिवार के साथ पूछताछ काउंटर पर बैठे कर्मचारी द्वारा बदसलूकी और अभद्र व्यवहार करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने इस संबंध में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर आधिकारिक शिकायत दर्ज करवा दी है।
क्या है पूरा मामला?
गांव कठाना के रहने वाले साहिल ठाकुर ने बताया कि 6 नवंबर की सुबह उनके पिता रमेश चंद (56 वर्ष) और माता तथा अन्य परिजन नाहन बस स्टैंड पर आए थे। वे नाहन से ऊपर सुरला- कठाना रूट पर चलने वाली बस के बारे में पूछताछ करने गए थे, क्योंकि यह बस सेवा अक्सर अनियमित रहती है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
जब परिजनों ने बस न भेजे जाने को लेकर अपनी नाराजगी जताई, तो कर्मचारी ने 56 वर्षीय रमेश चंद के साथ न केवल अभद्रता की, बल्कि अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा कि “तुम सुबह-सुबह यहां दिमाग खराब करने आ जाते हो। तुझे पता कुछ लगता नहीं, जाके एमडी से बात कर और मेरा जो करना है वो कर लो।
पीड़ित साहिल ठाकुर ने बताया कि उनके पिता रमेश चंद बेहद शांत स्वभाव के इंसान हैं और उनका स्वास्थ्य भी ठीक नहीं रहता, उनका पीजीआई (PGI) से इलाज चल रहा है। ऐसे में, एक बुजुर्ग व्यक्ति को उनकी पत्नी और बेटी के सामने इस प्रकार सरेआम बेइज्जत करना बेहद निंदनीय और शर्मनाक है। इस तरह के गैर-जिम्मेदाराना रवैये से न केवल आम जनता परेशान हो रही है, बल्कि परिवहन विभाग की छवि भी धूमिल हो रही है।
सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत और कड़ी कार्रवाई की मांग
साहिल ने इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी दर्ज करवाई है। उनका कहना है कि शिकायत के साथ संबंधित शिकायत संख्या भी उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने परिवहन विभाग के अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर संबंधित कर्मचारी के व्यवहार और पूरे घटनाक्रम की जांच करवाने तथा उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

