ऊना – अमित शर्मा
विधानसभा क्षेत्र गगरेट के मरवाड़ी गांव में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए दो गुटों में हुई झड़प में जमकर तेजधार हथियार चले। झड़प में एक युवक का गला रेत डाला, जोकि होशियारपुर के एक निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। दोनों पक्षों की शिकायत पर गगरेट पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता मलकीयत सिंह निवासी काहनपुर तहसील जसवां कोटला जिला कांगड़ा ने कहा कि मरवाड़ी गांव में एक चिकन कॉर्नर पर रितेश जसवाल बैठा था इसी बीच जोह गांव का एक युवक वहां आया और रितेश के साथ बहस करने लगा। मामला बढ़ता देख रितेश को वहां से भेज दिया।
उसे कुछ देर बाद फोन आया कि रितेश बुरी तरह से घायल है और दौलतपुर चौक अस्पताल में भर्ती है। नाजुक हालत को देखते हुए उसे होशियारपुर रैफर कर दिया गया , जहां सोमवार को उसका ऑपरेशन हुआ है।
उधर, जोह के गौरव सोनी द्वारा गगरेट पुलिस को दी गई शिकायत में कहा कि मरवाड़ी के एक चिकन कार्नर पर वह चिकन खाने गया, तो वहां रितेश जसवाल उसे बहस करने लगा। वह वहां से आ गया तो पेट्रोल पंप के पास रितेश जसवाल ने उसे घेर लिया और उससे मारपीट शुरू कर दी, और चाकू से उस पर हमला कर दिया। जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं।
डीएसपी डॉ. वसुधा सूद के बोल
डीएसपी डॉ. वसुधा सूद ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की गहनता से जांच जारी है। उन्होंने कहा कि आरोपी बख्शे नहीं जाएंगे।

