बवंडर बाबा का दिल्ली विश्वविद्यालय में हिन्दू महासभा ने भव्य स्वागत कर राष्ट्रीय प्रचारक का दायित्व सौंपा।
नई दिल्ली – नवीन चौहान
अखिल भारत हिन्दू महासभा के पदाधिकारियों ने दिल्ली विश्वविद्यालय मुख्य परिसर के प्रांगण में विनोद सनातनी बवंडर बाबा का भव्य स्वागत किया ।
बवंडर बाबा भारत के विभिन्न राज्यों में 92 हजार किलोमीटर का भ्रमण करते हुए नई दिल्ली पहुंचे । हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता बी एन तिवारी ने आज जारी बयान में यह जानकारी दी ।
जारी बयान के अनुसार दिल्ली विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर में हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी , राष्ट्रीय प्रवक्ता मदन लाल गुप्ता , कृष्ण कुमार शुक्ल , कृष्ण राय चौधरी सहित अन्य पदाधिकारियों ने बवंडर बाबा को भगवा टोपी पहनाकर उनका दिल्ली आगमन पर स्वागत किया।
राष्ट्रीय प्रवक्ता बी एन तिवारी ने बताया कि बवंडर बाबा ने लगभग तीन वर्ष पूर्व सनातन धर्म और सनातनियों की धार्मिक आस्था की रक्षा का संकल्प लेकर इंदौर से मोटरसाइकिल पर एक लाख किलोमीटर की भारत यात्रा आरंभ की थी ।
अभी तक बवंडर बाबा 92 हजार किलोमीटर की यात्रा पूर्ण कर चुके हैं। 25 राज्यों का भ्रमण करते हुए बवंडर बाबा ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में सभी प्रदेशों के मुख्यमंत्री को सौंपे ज्ञापन में बवंडर बाबा ने बीड़ी के बंडलों , तंबाखू के पाउच्स , माचिस की डिब्बी , धूपबत्ती और अगरबत्ती के पैकेट्स और समाचार पत्रों के विज्ञापन में हिन्दू देवी देवताओं के चित्र छापने पर रोक लगाने की मांग की है।
बवंडर बाबा का कथन है कि उपयोग के बाद हिन्दू देवी देवताओं के समाचार पत्रों के विज्ञापन , तंबाखू और बीड़ी के खाली पाउच और डिब्बियां कूड़े में फेंक दिया जाता है।
कूड़े में हिंदुओं के देवी देवताओं के चित्र फेंके जाने से देवी देवताओं का न केवल घोर अनादर होता है , वरन हिन्दू समाज की धार्मिक भावनाएं भी आहत होती हैं।
देवी देवताओं के अनादर को रोकने और हिंदुओं की धार्मिक आस्था को आहत होने से बचाने के लिए बवंडर बाबा गत तीन वर्ष से सम्पूर्ण भारत का भ्रमण कर रहे हैं।
उन्होंने संकल्प लिया है कि उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो 5 दिसंबर को अयोध्या मे अपनी यात्रा के समापन पर आत्मदाह कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर लेंगे।
दिल्ली विश्वविद्यालय परिसर में बवंडर बाबा का स्वागत करते हुए हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने कहा कि बवंडर बाबा का संकल्प और लक्ष्य दोनो पवित्र है ।
उनके इस अभियान में हिन्दू महासभा उनके साथ है और उनका संकल्प पूरा करवाने के लिए कृतसंकल्प है।
उन्होंने कहा कि एक दिसंबर को हिन्दू महासभा बवंडर बाबा के संकल्प के समर्थन के नई दिल्ली के जंतर मंतर पर एक बड़ा आयोजन करेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मांगों का ज्ञापन सौंपेगी।
हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने बवंडर बाबा से 5 दिसंबर को अयोध्या में आत्मदाह की घोषणा रद्द करने का परामर्श देते हुए कहा कि संकल्प पूरा करने के लिए उनका जीवित रहना अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बवंडर बाबा को हिन्दू महासभा का राष्ट्रीय प्रचारक मनोनीत किया। हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता मदन लाल गुप्ता ने बवंडर बाबा का सम्मान करते हुए कहा कि सनातन समाज को बवंडर बाबा और उनके कार्यों पर गर्व है।
जारी बयान के अनुसार बवंडर बाबा ने हिन्दू महासभा के साथ मिलकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अपनी मांगों का ज्ञापन दिया।
बवंडर बाबा ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने के बाद हरियाणा के लिए प्रस्थान किया। हरियाणा से पंजाब , जम्मू कश्मीर होते हुए वो लद्दाख पहुंचेंगे।
बवंडर बाबा ने हिन्दू महासभा का राष्ट्रीय प्रचारक बनाए जाने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी का आभार प्रकट किया है ।

