चम्बा – भूषण गुरुंग
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के सरकारी कॉलेज में शिक्षक की दादागिरी देखने को मिली है। इस दौरान शिक्षक ने जहां एबीवीपी कार्यकर्ताओं के साथ हाथापाई की और साथ ही गाली गलौज का भी आरोप लगाया। शिक्षक ने एबीवीपी वर्कर छात्र का फोन छीन लिया और तोड़ दिया। अब शिक्षक को कॉलेज प्रबंधन ने सस्पेंड कर दिया है और साथ ही फोन तोड़ने पर 22 हजार रुपये भरने की बात भी कही है।
दरअसल, 18 अगस्त को एबीवीपी चम्बा इकाई ने विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया था। इस दौरान एबीवीपी वर्कर कक्षाओं में जाकर छात्राओं से बहिष्कार का आह्वान किया था। इस दौरान ऑउटसोर्स पर तैनात वोकेशनल टीचर अमित वैध भड़क गए।
वीडियो में नजर आ रहा है कि वह कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट का प्रयास कर रहे हैं। मामले को लेकर एबीवीपी विभाग संयोजक अर्पित जरियाल ने उपायुक्त चम्बा को शिकायत सौंपकर जांच व उचित कार्रवाई की मांग की है।
एबीवीपी का आरोप है कि बीवॉक विद्यार्थियों को संबोधित करने महाविद्यालय पहुंचे कार्यकर्ताओं के साथ अध्यापक ने कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया और मारपीट का प्रयास किया। संगठन ने चेतावनी दी है कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
चंबा कॉलेज के प्रिंसिपल राकेश राठौर ने बताया कि अब कॉलेज स्तर पर मीटिंग रखी थी और मीटिंग में गेस्ट टीचर अमित वैद को भी बुलाया गया था। ऐसे में जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती तब तक उन्हें सस्पेंड किया गया है।
अधिकारी ने बताया कि मोबाइल फोन तोड़ने की बात भी सामने आई है और वीडियो में भी नजर आ रहा था। इस पर अमित वैद ने 22 हजार रुपये छात्र को दिए हैं और रिलीफ दिया गया है। उन्होंने बताया कि फैक्ट फाइडिंग कमेटी की तरफ से रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में अब आगे की कार्रवाई की जाएगी।

