
व्यूरो रिपोर्ट
सुंदरनगर उपमंडल के निहरी तहसील में वन विभाग झंूगी ब्लॉक की टीम द्वारा नाके के दौरान जांच करते हुए एक पिकअप गाड़ी से अवैध रूप से ले जा रहे देवदार लकड़ी के 22 सलीपर बरामद करने में सफलता हासिल की है। अब वन कर्मियों द्वारा इसकी शिकायत निहरी पुलिस चौकी में दर्ज करवाते हुए मामला दर्ज करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार रविवार देर रात को वन विभाग की टीम ने जाछ-धरवार सड़क पर बाढ़ का छोल निरीक्षण हट पर नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान रात 10 बजे के करीब सड़क से गुजर रही एक पिकअप को जांच के लिए रोका, तो उसमें 22 सलीपर बरामद हुए।
अंधेरे का फायदा उठाकर गाड़ी में बैठा व्यक्ति फरार हो गया, वहीं पर अवैध लकड़ी के बारे में चालक द्वारा कोई भी कागजात व संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाया। चालक की पहचान हेत राम पुत्र पाशु राम गांव लोहकडु डाकघर प्रेसी तहसील निहरी के रूप में हुई है व चालक द्वारा फरार व्यक्ति का नाम दयाराम पुत्र हेदु राम गांव नेही डाकघर प्रेसी तहसील निहरी के रूप ले हुई है।
वन विभाग द्वारा देवदार की अवैध लकड़ी, गाड़ी और व्यक्ति को अपने कब्जे में लेकर अब निहरी पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई गई है।
डीएफओ सुंदरनगर सुभाष पराशर ने बताया कि वन विभाग झूंगी ब्लॉक की टीम द्वारा नाके पर एक पिकअप गाड़ी को 22 सलीपर देवदार की लकड़ी सहित पकड़ा गया है।
मामले को लेकर पुलिस चौकी निहरी में शिकायत देते हुए मामला दर्ज करवाया गया है। डीएसपी सुंदरनगर दिनेश कुमार ने मामले की पुष्टि की है।
