हिमाचल में घर के आंगन से दो साल की बच्ची को लावारिस कुत्ता उठाकर ले गया और हमला कर घायल कर दिया। बच्ची का IGMC शिमला में इलाज चल रहा है।
हिमखबर डेस्क
राजधानी के रुल्दूभट्ठा वार्ड के शांकली क्षेत्र में रविवार शाम घर के आंगन में खेल रही दो साल की मासूम बच्ची को लावारिस कुत्ता उठाकर ले गया। नोचते हुए यह कुत्ता बच्ची को घर से करीब 25 मीटर दूर ले गया। पड़ोसियों और लोगों ने कुत्ते को घेरकर किसी तरह बच्ची को छुड़ाया।
लहूलुहान हालत में बच्ची को आईजीएमसी ले जाया गया। यहां आपातकालीन वार्ड में अब बच्ची का उपचार चल रहा है। कुत्ते के काटने से बच्ची के मुंह, पीठ, टांगों समेत कई जगहों पर गहरे घाव हैं।
लोअर बाजार के कारोबारी करनैल सिंह ने बताया कि शांकली में उनके भतीजे रमनदीप सिंह का मकान है। रमनदीप सिंह की दो साल की बेटी रविवार शाम करीब 4:00 बजे घर के आंगन में खेल रही थी। खेलते-खेलते घर के गेट के पास पहुंच गई।
अचानक यहां से गुजर रहे एक लावारिस कुत्ते ने काट लिया और घसीटते हुए साथ लगते जंगल की ओर ले जाने लगा। पड़ोसियों ने जैसे ही बच्ची के चिल्लाने की आवाजें सुनीं तो बाहर निकल आए। घर से करीब 25 मीटर दूर कुत्ते को घेरकर बच्ची को किसी तरह लोगों ने इसके चंगुल से बचाया।
अभिभावक बच्ची को आईजीएमसी ले गए जहां आपातकालीन वार्ड में उपचार चल रहा है। कारोबारी करनैल सिंह ने बताया कि इलाके में लावारिस कुत्तों का आतंक बढ़ रहा है। कई लोगों को कुत्ते काट चुके हैं लेकिन नगर निगम इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
पकड़े जाएंगे हमलावर कुत्ते – सुरेंद्र चौहान, महापौर, नगर निगम शिमला
शहर में जो लावारिस कुत्ते बार-बार लोगों को काट रहे हैं, उन्हें जल्द पकड़ा जाएगा। इसके लिए नगर निगम अपने डॉग हट का विस्तार भी करने जा रहा है। आक्रामक कुत्तों को पकड़कर इन हट में रखा जाएगा। शहर में कुत्तों का आतंक काफी ज्यादा है लेकिन नियमों के चलते निगम इन पर ज्यादा कार्रवाई भी नहीं कर पा रहा है। अक्तूबर के पहले हफ्ते से ही कुत्तों का टीकाकरण शुरू कर दिया जाएगा। नसबंदी भी की जा रही है।

