कंदरौर की ऋषिका का विश्व कुश्ती प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और हिमाचल को उनसे पदक की उम्मीद है। ऋषिका ब्राजील में स्कूल वल्र्ड रेस्लिंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी
हिमखबर डेस्क
जिला बिलासपुर के कंदरौर की पहलवान ऋषिका शर्मा का चयन 53 किलोग्राम भार वर्ग में विश्व स्कूल कुश्ती प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में हुआ है। ऋषिका अब पांच से आठ दिसंबर तक ब्राजील में होने वाली स्कूल वल्र्ड रेस्लिंग चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
रायपुर में 19 से 21 सितंबर तक स्कूल गेम्स फाउंडेशन ऑफ इंडिया के चयन ट्रायल में शानदार प्रदर्शन के आधार पर ऋषिका का चयन हुआ। चयन ट्रायल में हिमाचल के अन्य पहलवानों ने भी शानदार प्रदर्शन किया।
जिला कांगड़ा के अनमोल ने 92 किलोग्राम भार वर्ग में फाइनल में प्रवेश किया, जबकि जिला बिलासपुर के शौर्य ने 79 किलोग्राम भार वर्ग में फाइनल में जगह बनाई। इससे हिमाचल के युवाओं की प्रतिभा एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर सामने आई है। बिलासपुर के अहौर स्कूल के डीपीई जगदीश कुमार के नेतृत्व में ये खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।

