हिमाचल के छितकुल से आगे बॉर्डर के पास धमाके में चालक की मौत हो गई, जबकि मशीन ऑपरेटर घायल हुआ है। पुलिस और सेना मामले की जांच कर रही हैं।
हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश में चीन प्रशासित तिब्बत सीमा पर दुर्गम क्षेत्र में रविवार को निर्माण कार्य के दौरान धमाके की वजह से शख्स की मौत हो गई, जबकि साथी घायल हो गया।
सूबे के किन्नौर जिले के छितकुल से करीब 27 किलोमीटर आगे धूमती के पास पीडब्ल्यूडी की ओर से सड़क निर्माण कार्य के दौरान एक्सकैवेटर से खुदाई और पत्थर उठाने के समय अचानक विस्फोट हो गया और इस हादसे में अशोक कुमार (50), निवासी जिला कांगड़ा की मौत हो गई। ब्लास्ट के बाद मौके पर गहरा गड्ढा भी देखने को मिला है।
अशोक को गंभीर रूप से घायल हालात में रिकांग पिओ अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अशोक पालमपुर के रहने वाले थे। इस हादसे में वहीं भोला साह (23), निवासी बिहार, गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनका क्षेत्रीय अस्पताल रिकांग पिओ में उपचार चल रहा है।

प्रशासन के अनुसार, विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी सेना की ओर से जांच की जा रही है। अहम सवाल है कि आखिर सड़क निर्माण के दौरान विस्फोट कैसे हुआ? क्या निर्माण कार्य शुरू करने से पहले क्षेत्र की पूरी सुरक्षा जांच की गई थी? इन सवालों के जवाब सेना की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे।
उधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी और मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। इस पूरे मामले में आगामी तफ्तीश जारी है। गौरतलब है कि धमाका इतना शक्तिशाली था कि जेसीबी मशीन के पंजा मशीन से अलग और साथ ही लोहा भी दो फाड़ हो गया।

