हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में कोटी पुल के समीप शुक्रवार सुबह एक कार सड़क दुर्घटना में पांच लोग घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब सिंगाधार से चंबा की ओर जा रही एक कार (HP 81-4089) अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे लुढ़क गई।
गनीमत यह रही कि कार बीच में एक पेड़ से टकरा गई, जिससे उसकी रफ्तार कम हो गई और वह सीधे निचली सड़क पर जाकर रुक गई। जैसे ही कार ऊपर वाली सड़क से पलटी, मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और कार में फंसे सभी यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं, जो आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, कार सड़क से नीचे गिरते समय एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पेड़ की जड़ें तक हिल गईं और वह कार के ऊपर ही झुक गया। कार के पेड़ पर टकराने से इसकी रफ्तार धीमी हुई। इस कारण बड़ा हादसा टल गया और यात्रियों की जान बच गई।
वहीं, स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत चंबा स्थित अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

