हिमखबर डेस्क
रक्षाबंधन से पहले हिमाचल प्रदेश के डाकघरों में राखियों की बुकिंग ने रफ्तार पकड़ ली है। बहनों की राखियां समय पर भाइयों तक पहुंचाने के लिए डाक विभाग ने इस बार प्रदेशभर में करीब एक लाख स्पेशल राखी कवर उपलब्ध करवाए हैं। इनमें से अब तक करीब 60 से 63 फीसदी स्पेशल कवर इस्तेमाल किए जा चुके हैं, जबकि शेष कवर की गिनती और बुकिंग का सिलसिला जारी है।
डाकघरों में लोग बड़ी संख्या में राखियां लेकर पहुंच रहे हैं। वहीं डाक विभाग की ओर से शुक्रवार 14 अगस्त से राखी मेल की बुकिंग पर 10 फीसदी विशेष छूट भी दी जा रही है। अंतर्देशीय स्पीड पोस्ट से भेजी जाने वाली अधिकतम पांच राखी मेल पर यह छूट मिलेगी। 24 घंटे बुकिंग की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। रविवार और अवकाश के दिन भी राखी मेल की बुकिंग की व्यवस्था रखी गई है।
वाटरप्रूफ कवर 15 रुपए का
डाक विभाग की ओर से राखियों के लिए विशेष वाटरप्रूफ कवर 15 रुपए में उपलब्ध करवाया जा रहा है। बरसात के मौसम को देखते हुए यह कवर राखियों को नमी और बारिश से सुरक्षित रखने में मदद करेगा। हालांकि लोग अपना कवर लगाकर भी राखी मेल की बुकिंग करवा सकते हैं।
इंतजार न करें
जिला कांगड़ा मुख्यालय धर्मशाला हेड पोस्ट ऑफिस के एसपी रविंद्र कुमार शर्मा ने लोगों से अपील की है कि राखियों की बुकिंग जल्द करवाएं, ताकि वे समय पर गंतव्य तक पहुंच सकें। डाक विभाग ने लोगों से अपील की है कि इन निर्धारित तिथियों से पहले राखियां बुक करवाएं, ताकि उन्हें रक्षाबंधन तक पहुंचाने में किसी तरह की परेशानी न हो।

