हिमखबर डेस्क
ऊना जिले के उपमंडल अम्ब के तहत ठठल क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। इलाके में चोरी की एक और ताजा वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात शातिरों ने नंदपुर–नेहरियां मार्ग पर सड़क किनारे स्थित एक घर को अपना निशाना बनाया है। हैरानी की बात यह है कि जिस समय चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया, उस समय मकान में एक बुजुर्ग दंपति मौजूद था और गहरी नींद में सो रहा था।
जानकारी के अनुसार यह घटना मध्य रात्रि के समय घटी। चोर बड़े ही शातिर तरीके से घर में घुसे और परिवार के सदस्यों को इसकी भनक तक नहीं लगने दी। चोरों ने तसल्ली से घर के अंदर रखे सामान को खंगाला और वहां से सोने की एक चेन, अंगूठी सहित अन्य कीमती आभूषण चुरा लिए।
इतना ही नहीं, शातिर चोर घर से एक पूरा संदूक भी चुराकर अपने साथ ले गए हैं, जिसकी अभी तक कोई बरामदगी नहीं हो पाई है। चोरी का खुलासा अगली सुबह तब हुआ, जब परिवार के सदस्यों ने उठकर देखा कि घर का सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है। घटना का पता चलते ही पीड़ित परिवार ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही अम्ब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से फिंगरप्रिंट और अन्य आवश्यक साक्ष्य जुटाकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घर और आसपास के क्षेत्र में लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि चोरों के आने-जाने वाले रास्ते और उनकी पहचान से जुड़ा कोई सुराग हाथ लग सके।
इसके अलावा पुलिस पड़ोसियों से भी पूछताछ कर रही है। ठठल और आसपास के क्षेत्र में पिछले कुछ समय से लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के कारण स्थानीय लोगों में भारी खौफ और पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष पनप रहा है।
लोगों का कहना है कि शातिर लगातार घरों और दुकानों को निशाना बना रहे हैं, लेकिन पुलिस के हाथ अभी तक खाली हैं। इससे क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल पैदा हो गया है और लोगों को अपने कीमती सामान की चिंता सताने लगी है।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि चोरी की घटनाओं का समय रहते खुलासा नहीं किया गया तो असामाजिक तत्वों के हौसले और बढ़ जाएंगे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में तुरंत प्रभाव से रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाए और पूर्व में हुई चोरियों का भी जल्द पर्दाफाश किया जाए।
जल्द सलाखों के पीछे होंगे आरोपी : डीएसपी
इस मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने मौके का मुआयना कर लिया है और चोरी हुए आभूषणों व अन्य सामान की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया है कि इस वारदात की पूरी गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी को अंजाम देने वाले आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।

