
नूरपुर – देवांश राजपूत
प्रदेश सरकार ने मल्टी टास्क वर्कर की भर्ती में महिलाओं व पुरुषों को एक निश्चित समय के भीतर एक निश्चित दूरी पर सीमेंट का 50 किलो का बैग उठाकर ले जाने की शर्त को जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय महाजन ने अमानवीय बताया है। उन्होंने सरकार से इसे परिवर्तन करने की मांग की है।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पूर्व नूरपुर उपमंडल के एक स्थान पर सिर पर सीमेंट का बैग उठाकर भागी एक महिला का वीडियो भी काफी वायरल हुआ था। भर्ती होने पर मल्टी टास्क वर्कर को 150 रुपये दिहाड़ी मिलेगी।
पीडब्ल्यूडी की मल्टी टास्क वर्कर ₹150 की दिहाड़ी के लिए महिला वर्ग पर इस प्रकार की शर्त ठोकना न केवल अमानवीय है बल्कि महिलाओं के लिए कठोर शर्त भी है। उन्होंने प्रदेश सरकार से इस प्रकार के कठोर व अमानवीय अनुबंध को महिला वर्ग से मुक्त करने की भी मांग की है।
अजय ने कहा कि मनरेगा योजना में महिला वर्ग में दिहाड़ी 212 रुपये के होने के बावजूद भी सरकार की कठोर शर्त नहीं है। अजय ने मल्टी टास्क वर्कर की दिहाड़ी महज डेढ़ सौ रुपये की घोषणा को नाकाफी बताते हुए बढ़ती महंगाई के चलते इस को 250 रुपये करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार जनविरोधी फैसले लेकर जनता को परेशान कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द से जल्द कठोर नियम को बदले। ऐसे में सरकार के इस नियम के खिलाफ जनता में आक्रोश बढ़ रहा है, जिसका सामना सरकार को करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस नियम का विरोध करती है और आग्रह करती है कि सरकार जल्द से जल्द इस नियम को बदले।
