
ज्वाली- अनिल छांगु
उपमंडल ज्वाली के अधीन कैहरियां-ढन मार्ग पर चल रहे कंकरीट वर्क पर बीडीसी उमेश धीमान ने सवालिया निशान उठाए हैं।
उमेश धीमान ने कहा कि कैहरियां-ढन मार्ग पर 200 मीटर हिस्से पर बिना सोलिंग डाले ही मिट्टी पर ही सीमेंटेड कंकरीट बिछाया जा रहा है जोकि कुछ ही दिनों में उखड़ जाएगी।
लाखों रुपए का टेंडर हुआ है जबकि इसके किनारे पर नालियां भी नहीं बनाई जा रही हैं, लोगों के घरों का पानी भी मार्ग पर ही बह रहा है। मार्ग की कोई लेबलिंग भी नहीं हो रही है। उक्त हिस्से के बीच से निकली हुई पेयजल पाइपों की लीकेज को भी बन्द नहीं करवाया गया है।
विभागीय अधिकारी व कर्मचारी भी सब कुछ देखकर अनदेखा कर रहे हैं। उमेश धीमान ने आरोप लगाया है कि ऐसे में सरकारी खजाने को चपत लगाई जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मांग की है कि इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।
अधिशाषी अभियंता अरूण विशिष्ट के बोल
इस बारे में अधिशाषी अभियंता अरूण विशिष्ट ने कहा कि मोटी बजरी डलवा कर लेवल करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पेयजल की जो पाइपें लीक हो रही हैं, उनको ठीक करने के लिए जल शक्ति विभाग ज्वाली को कहा गया है।
