हिमाचल प्रदेश की प्रसिद्ध करेरी झील में रिड़कमार कॉलेज के विद्यार्थियों ने स्वच्छता अभियान चलाया, इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों ने प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखने, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन स्थलों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।
शाहपुर – नितिश पठानियां
राजकीय महाविद्यालय रिड़कमार की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई और ऐतिहासिक सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में करेरी झील तक एक विशेष ट्रेकिंग एवं स्वच्छता शिविर का आयोजन किया गया। इस अभियान में कॉलेज के 34 छात्र-छात्राओं और 3 प्राध्यापकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
विद्यार्थियों ने सल्ली से अपनी यात्रा शुरू की और नौली होते हुए लगभग 20 किलोमीटर का कठिन पैदल ट्रेक तय कर करेरी झील तक पहुँचे। शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने करेरी झील और उसके आसपास बिखरे प्लास्टिक कचरे को चुन-चुनकर एकत्र किया तथा उसका उचित निस्तारण किया।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और पर्यटकों व स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था। इसके साथ ही, विद्यार्थियों ने स्थानीय मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन भी किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस पूरी यात्रा ने विद्यार्थियों को प्रकृति के करीब लाने, स्थानीय धार्मिक विरासत को समझने और सामूहिक श्रम का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का एक बेहतरीन अवसर प्रदान किया।
इस अवसर पर एनएसएस समन्वयक एवं कार्यवाहक प्राचार्य मनोज कुमार, प्रोफेसर हाकम चंद और प्रोफेसर भूपिंदर सिंह ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया तथा ट्रेक और स्वच्छता शिविर के संचालन में सहयोगी भूमिका निभाई। विद्यार्थियों ने पूरी यात्रा और स्वच्छता अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों के इस सामूहिक प्रयास की क्षेत्र में खूब सराहना हो रही है।

