रणजी ट्रॉफी के लिए हिमाचल प्रदेश की 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया गया है, टीम में अर्पित गुलेरिया समेत कांगड़ा के चार खिलाड़ियों को शामिल किया गया है।
हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ (एचपीसीए) ने बीसीसीआई रणजी ट्राफी एलीट 2026-27 के लिए राज्य की पुरुष सीनियर टीम की घोषणा कर दी है। 15 सदस्यीय टीम की कप्तानी पुखराज मान को सौंपी गई है। टीम में कांगड़ा जिले के चार खिलाड़ियों सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों के प्लेयर्स को जगह मिली है।
टीम में हमीरपुर के शुभम अरोड़ा, कांगड़ा के आकाश वशिष्ठ, अर्पित गुलेरिया और इनेश महाजन, एलएंडएस के हर्षित संदल, पेशेवर श्रेणी के आर्यमान धालीवाल, निहाल वढेरा और कप्तान पुखराज मान, शिमला के जितेंद्र, मुकुल नेगी और वैभव काल्टा, सोलन के दिवेश तथा ऊना के अमनप्रीत सिंह, हृतिक कालिया और नितिन शर्मा शामिल हैं।
ये होंगे कोच
टीम के मुख्य प्रशिक्षक विनीत सक्सेना होंगे, जबकि गेंदबाजी प्रशिक्षक गगनदीप सिंह, क्षेत्ररक्षण प्रशिक्षक शकुन सैनी, फिजियो सौरव ठाकुर, शक्ति एवं अनुकूलन प्रशिक्षक (एसएंडसी) जरनैल सिंह, वीडियो विश्लेषक राज किरीट कपाड़िया, मालिश विशेषज्ञ बृजेश शर्मा, साइड आर्म प्रशिक्षक भूपेश्वर और पुनीत सैनी तथा प्रबंधक राजेश पुरी होंगे।
हिमाचल अपना पहला मुकाबला 11 से 14 अक्टूबर तक लाहली में हरियाणा के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद 18 से 21 अक्टूबर तक बिलासपुर में मुंबई, 26 से 29 अक्टूबर तक चंडीगढ़ में चंडीगढ़ और 2 से 5 नवंबर तक धर्मशाला में राजस्थान से मुकाबला होगा। रणजी ट्राफी के दूसरे चरण में हिमाचल का सामना 17 से 20 जनवरी 2027 तक तमिलनाडु से होगा, जिसका स्थान अभी तय नहीं हुआ है।
इसके बाद 24 से 27 जनवरी को धर्मशाला में उत्तराखंड और 1 से 4 फरवरी 2027 तक धर्मशाला में रेलवे के खिलाफ मुकाबला खेला जाएगा। एचपीसीए के सचिव मनुज शर्मा ने टीम और मुकाबलों की जानकारी जारी की है। उन्होंने प्रदेश की टीम की जीत को लेकर एचपीसीए की ओर से शुभकामनाएं भी हैं।

