एशियन गेम्स की कांस्य पदक विजेता चंबा की सीमा कुमारी को जिला कांग्रेस कमेटी चंबा ने सम्मानित किया, ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर सीमित सुविधाओं के बीच हासिल की गई उनकी उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणा बनी है।
चम्बा – भूषण गुरुंग
जिला कांग्रेस कमेटी चम्बा द्वारा चुराह की बेटी एवं प्रतिभाशाली खिलाड़ी सीमा कुमारी को एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीतकर चम्बा, हिमाचल प्रदेश और देश का नाम रोशन करने पर सम्मानित किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी ने सीमा की इस शानदार उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी चम्बा के अध्यक्ष एडवोकेट सुरजीत शर्मा भरमौरी ने कहा कि सीमा कुमारी ने ग्रामीण एवं साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर सीमित मूलभूत सुविधाओं के बावजूद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उनकी मेहनत, लगन और संघर्ष पूरे चम्बा जिले के युवाओं तथा आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने कहा कि “उड़नपरी सीमा कुमारी चुराह ही नहीं, बल्कि पूरे चम्बा, हिमाचल और भारत की शान हैं। उनकी सफलता ने यह साबित किया है कि प्रतिभा और दृढ़ संकल्प के सामने संसाधनों की कमी भी बाधा नहीं बन सकती।” जिला कांग्रेस कमेटी चम्बा ने एक बार फिर सीमा कुमारी को ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एडवोकेट सुरजीत शर्मा भरमौरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और जिला कांग्रेस कमेटी चम्बा सीमा कुमारी की प्रतिभा और खेल के सफर में हर संभव सहयोग के लिए सदैव उनके साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने सरकार एवं संबंधित विभागों से भी ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, खेल सुविधाएं और आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाने की दिशा में और अधिक प्रयास करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि चम्बा की बेटियां आज खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। सीमा कुमारी की उपलब्धि “बेटी है अनमोल” के संदेश को और मजबूत करती है तथा अभिभावकों और समाज को बेटियों को आगे बढ़ने के समान अवसर देने की प्रेरणा देती है।
ये रहे उपस्तिथ
इस सम्मान समारोह में जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष करतार सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेश राणा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष महिंद्र पाल राठौर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष ज्ञान सिंह चौहान, महासचिव संगठन अजय जरयाल, सचिव महिंद्र कुमार तथा अनिल कुमार सहित कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

