हिमाचल में ड्यूटी के दौरान एक हेड कांस्टेबल पर कुत्ता छोड़ने का मामला सामने आया है, कुत्ते के काटने से पुलिसकर्मी घायल हो गया, मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिमखबर डेस्क
सदर थाना क्षेत्र के मैड़ में संदिग्ध वाहन की जांच करने पहुंचे पुलिस दल के एक हेड कांस्टेबल को कुत्ते से कटवाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, चरस तस्करी की सूचना पर कार्रवाई के लिए पहुंचे दल को देखकर वाहन में सवार एक व्यक्ति मौके से भाग गया और उसने घर के परिसर में मौजूद कुत्ते को पुलिस कर्मचारियों की ओर छोड़ दिया।
कुत्ते ने हेड कांस्टेबल के पेट पर काट लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सरकारी कर्मचारी को ड्यूटी के दौरान रोकने और उसके कार्य में बाधा डालने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हेड कांस्टेबल रामकृष्ण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि चार अक्तूबर को वह अन्य पुलिस कर्मचारियों के साथ टियाले दा घाट से आगे चरस तस्करी की सूचना की जांच के लिए गया था। मैड़ के पास सड़क के दाहिनी ओर एक संदिग्ध वाहन खड़ा मिला।
पुलिस दल ने वाहन में मौजूद चालक और अन्य लोगों को अपना परिचय देकर पूछताछ शुरू की। शिकायत के अनुसार, इसी दौरान पिछली सीट पर बैठा एक व्यक्ति मौके से भागकर घर के परिसर में चला गया।
आरोप है कि उसने वहां मौजूद कुत्ते को पुलिस कर्मचारियों की ओर छोड़ दिया। कुत्ते ने हेड कांस्टेबल पर हमला कर उसे पेट पर काट लिया। शिकायत में वाहन में मौजूद लोगों, मौके से भागे व्यक्ति और दो महिलाओं पर कुत्ते को उकसाने का भी आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अब पुलिस घटना के पूरे क्रम, आरोपियों की भूमिका और मौके पर मौजूद लोगों के बयानों की जांच कर रही है। साथ ही नामजद आरोपियों के पिछले रिकार्ड को भी खंगाला जा रहा है।
बलवीर ठाकुर, एसपी, हमीरपुर के बोल
एसपी हमीरपुर बलवीर ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में जांच जारी है। आरोपियों के रिकार्ड को भी खंगाला जा रहा है।

