कांगड़ा के जयसिंहपुर क्षेत्र के हलेड़ स्थित उपमंडल कार्यालय में ठेकेदार द्वारा JE पर हमला करने का मामला सामने आया है, हमले में JE के सिर पर चोट लगी, जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
हिमखबर डेस्क
जल शक्ति विभाग मंडल जयसिंहपुर के अंतर्गत हलेड़ स्थित उपमंडल कार्यालय में सोमवार दोपहर एक ठेकेदार ने सरकारी कार्य कर रहे कनिष्ठ अभियंता के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी।
हमले में कनिष्ठ अभियंता के सिर पर गंभीर चोट आई है। घटना के तुरंत बाद उन्हें नागरिक चिकित्सालय जयसिंहपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
लंबागांव पुलिस ने कनिष्ठ अभियंता की शिकायत और चिकित्सीय जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपी ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को सौंपी शिकायत में कनिष्ठ अभियंता ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब अढ़ाई बजे वह सहायक अभियंता कार्यालय के कमरे में विभागीय कार्य निपटा रहे थे। इसी दौरान एक ठेकेदार कमरे में दाखिल हुआ और बिना किसी बात के उनके साथ अभद्र व्यवहार व गाली-गलौज करने लगा।
जब कनिष्ठ अभियंता ने इसका विरोध करते हुए उसे कमरे से बाहर जाने को कहा, तो आरोपी तैश में आ गया और धक्का-मुक्की करने लगा। देखते ही देखते ठेकेदार ने कनिष्ठ अभियंता पर हमला बोल दिया और उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह लहुलुहान हो गए।
इसके बाद आरोपी ने कार्यालय में सहायक अभियंता की मेज पर रखे सरकारी दस्तावेज और अन्य सामान भी उठाकर इधर-उधर फेंक दिया। पुलिसउप अधीक्षक संदीप शर्मा ने बताया कि पुलिस ने पीडि़त की तहरीर पर आरोपी ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

