मैक्लोडगंज में पुलिस ने रेव पार्टी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नशे के सामान और शराब की बरामदगी की। IPS सौम्या सांबशिवन के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के बाद पार्टी में हड़कंप मच गया।
हिमखबर डेस्क
पहाड़ों की खूबसूरत वादियों में रात के अंधेरे में चल रही रेव पार्टी पर कांगड़ा पुलिस ने ऐसी कार्रवाई की कि पार्टी का खेल ही बिगड़ गया। 23 अगस्त की अलसुबह अपर भागसू में पुलिस ने कैफे जंगल कालिंग में दबिश देकर नशीले पदार्थ और अवैध शराब बरामद की।
कार्रवाई के दौरान डीआईजी (नॉर्थन रेंज) आईपीएस सौम्या सांबशिवन ने खुद मोर्चा संभाला। पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई हिमाचल प्रदेश पुलिस के नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत की गई।
खाकी को रात की गश्त के दौरान पुलिस को अपर भागसू स्थित एक कैफे में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली। पुलिस की कार्रवाई के दौरान कैफे परिसर से 5.35 ग्राम गांजा व भांग के पत्ते, 25.94 ग्राम चरस और 1.25 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। इसके साथ ही नशीले पदार्थों की पैकिंग सामग्री और 19 बीयर कैन भी पुलिस के हाथ लगे।
मामले में जंगल कॉलिंग कैफ़े के मालिक 39 वर्षीय राकेश कुमार और पश्चिम बंगाल निवासी 39 वर्षीय विजित भट्टाचार्य को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना मैक्लोडगंज में एनडीपीएस एक्ट और हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कैफे मालिक द्वारा 22 और 23 अगस्त को कैफे परिसर में कथित रेव पार्टियों का आयोजन किया जा रहा था। पुलिस की समय पर कार्रवाई के चलते कथित रेव पार्टी को बीच में ही रोक दिया गया और मौके पर चल रही गैर कानूनी गतिविधियों पर कार्रवाई की गई।
जांच में एक और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है कि कैफे के पास परिसर में शराब परोसने या बेचने के लिए आवश्यक परमिट या लाइसेंस नहीं था। इस पूरे मामले में पुलिस को एक और अहम सुराग मिला है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, कथित रेव पार्टियों का सोशल मीडिया और बंद ऑनलाइन ग्रुप्स के माध्यम से प्रचार और विज्ञापन किया जा रहा था।
पुलिस ने इन ऑनलाइन गतिविधियों से संबंधित स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्य जुटा लिए हैं। इन डिजिटल सबूतों की जांच की जा रही है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पार्टी के आयोजन और प्रचार में कौन-कौन लोग शामिल थे।
मैक्लोडगंज जैसे पर्यटन क्षेत्र में रेव पार्टी की आड़ में कथित तौर पर नशीले पदार्थों की मौजूदगी सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। डीआईजी (नॉर्थन रेंज) आईपीएस सौम्या सांबशिवन की अगुवाई में हुई यह कार्रवाई नशे के खिलाफ पुलिस की सख्ती का बड़ा संदेश है।
पुलिस का स्पष्ट रुख है कि पर्यटन, मनोरंजन या पार्टी के नाम पर नशे को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांगड़ा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशीले पदार्थों की कब्जे, सप्लाई, वितरण और सेवन से जुड़े लोगों के साथ-साथ ऐसी गतिविधियों को बढ़ावा देने या सुविधाजनक बनाने वाले लोगों और प्रतिष्ठानों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच आगे बढ़ रही है।
पुलिस डिजिटल साक्ष्यों की जांच के जरिए यह पता लगाने में जुटी है कि कथित रेव पार्टी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं था। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कैफे का इस्तेमाल इससे पहले भी नशे या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के लिए किया गया था या नहीं।
मैक्लोडगंज में इस बार रात की पार्टी पर पुलिस की ऐसी एंट्री हुई कि संगीत थम गया और जांच शुरू हो गई। कांगड़ा पुलिस की यह कार्रवाई साफ संदेश दे रही है -पहाड़ों की खूबसूरती और पर्यटन की आड़ में नशे का कारोबार या गैरकानूनी गतिविधियां चलाने वालों पर अब पुलिस की सीधी नजर है।

