कांगड़ा: शादी के महज डेढ़ माह बाद गहने-नकदी लेकर दुल्हन फरार, पति को मैसेज- ‘यहां रहना अच्छा नहीं लगता’

--Advertisement--

शादी के करीब डेढ़ माह बाद एक दुल्हन गहने और नकदी लेकर घर से फरार हो गई। पति को मैसेज भेजकर उसने कहा कि उसे यहां रहना अच्छा नहीं लगता। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है।

पालमपुर – बर्फू

कांगड़ा जिले के पालमपुर क्षेत्र में शादी के करीब डेढ़ माह बाद नवविवाहिता के घर से चले जाने का मामला सामने आया है। पति का आरोप है कि महिला घर से करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये की नकदी लेकर चली गई।

घर से जाने के बाद उसने पति को मैसेज कर कहा कि उसे उसके घर में रहना अच्छा नहीं लग रहा है। इसके बाद से उसका मोबाइल नंबर बंद बताया जा रहा है और सोशल मीडिया पर भी कोई जवाब नहीं मिल रहा।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश की रहने वाली युवती की पालमपुर क्षेत्र के युवक से इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और उन्होंने शादी करने का फैसला किया। इसके बाद युवक अपने परिजनों के साथ उत्तर प्रदेश गया और युवती को शादी के बाद पालमपुर स्थित अपने घर ले आया।

परिवार की ओर से नवविवाहिता के घर आने पर धाम का आयोजन भी किया गया।परिजनों के अनुसार शादी के बाद युवती सामान्य तरीके से परिवार के साथ रह रही थी। उसके व्यवहार को लेकर परिवार को किसी तरह का संदेह नहीं हुआ। करीब डेढ़ माह बाद उसने अपनी सास से आभूषण मांगे।

बताया गया कि उसने कहा था कि वह अपने पति के साथ कहीं घूमने जा रही है। उसकी बात पर भरोसा करते हुए सास ने उसे सोने और चांदी के आभूषण दे दिए। हालांकि, चांदी के कुछ आभूषण सास के पास ही रह गए।

परिजनों का आरोप है कि आभूषण मिलने के बाद युवती रात के समय घर से चली गई। आरोप है कि वह अपने साथ करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और घर में रखी करीब 50 हजार रुपये की नकदी भी ले गई।

सुबह पति ने कमरे में उसे नहीं पाया तो परिवार के सदस्यों के साथ उसकी तलाश शुरू की गई। रिश्तेदारों और अन्य संभावित स्थानों पर भी जानकारी जुटाई गई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद पति के मोबाइल पर महिला का संदेश आया, जिसमें उसने कथित तौर पर कहा कि उसे उसके घर में रहना अच्छा नहीं लग रहा।

परिवार के मुताबिक संदेश के बाद महिला का मोबाइल नंबर बंद हो गया। सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क करने की कोशिश भी की गई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। घटना के बाद परिवार खुद को ठगा महसूस कर रहा है और क्षेत्र में भी यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

फिलहाल उपलब्ध जानकारी के अनुसार मामले की पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है। इसलिए महिला के घर से जाने और गहने-नकदी साथ ले जाने से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

--Advertisement--
--Advertisement--

Share post:

Subscribe

--Advertisement--

Popular

More like this
Related

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने मलुंड़ा पेयजल योजना का किया लोकार्पण

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने मलुंड़ा पेयजल योजना...