कांगड़ा की खड्ड में अचानक आया उफान, तेज बहाव में बही कार; बाल-बाल बची चालक की जान

--Advertisement--

कांगड़ा में खड्ड का जलस्तर अचानक बढ़ने से तेज बहाव में कार बह गई। हादसे में चालक की जान बाल-बाल बची। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।

हिमखबर डेस्क

कांगड़ा जिला के गरली क्षेत्र में बीती रात हुई मूसलाधार बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

प्रागपुर और बणी के बीच स्थित नक्की खड्ड में अचानक आए उफान के कारण एक कार तेज बहाव में बह गई। हालांकि, स्थानीय लोगों की सूझबूझ और तत्परता से कार चालक को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 6:28 बजे की है। खड्ड में अचानक पानी बढ़ने के कारण नक्की खड्ड पर बने स्लैब (पुलिया) पर दोनों ओर से तेज बहाव आ गया। इसके कारण वहां से गुजर रहे करीब एक दर्जन वाहन स्लैब पर ही फंस गए।

इसी बीच, पानी के तेज वेग की चपेट में आकर एक सफेद रंग की कार अनियंत्रित हो गई और बहकर सीधे नीचे खड्ड में जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के वक्त कार में केवल चालक सवार था।

गनीमत रही कि स्थानीय लोग तुरंत बचाव के लिए आगे आए और चालक को सुरक्षित निकाल लिया। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद हाईड्रा और जेसीबी मशीन की मदद से कार को खड्ड से बाहर निकाला जा सका।

बता दें कि इस मार्ग पर यातायात का दबाव सामान्य से बहुत अधिक था। दरअसल, चिंतपूर्णी माता के अष्टमी नवरात्र के चलते मुख्य राजमार्ग पर पहले से ही भारी जाम लगा हुआ है। जाम से बचने के लिए लोग प्रागपुर के इस वैकल्पिक मार्ग का उपयोग कर रहे थे।

नक्की खड्ड में पानी भरने और इस हादसे के बाद मार्ग पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। घंटों तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बीती रात से हो रही लगातार बारिश के कारण खड्डों में पानी का स्तर एकदम से बढ़ गया है, जिससे क्षेत्र का आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बरसात के मौसम में तेज बहाव के कारण अक्सर गाड़ियों को नुक्सान पहुंचने और हादसों का खतरा बना रहता है।

इस बीच, मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए क्षेत्र में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने आम जनता और वाहन चालकों से अपील की है कि वे खड्डों और नदी-नालों के पास जाने से बचें, बरसात के दौरान विशेष सावधानी बरतें और अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें।

--Advertisement--
--Advertisement--

Share post:

Subscribe

--Advertisement--

Popular

More like this
Related

हिमाचल में हजारों कर्मचारियों को राहत, नियमितीकरण के नियम बदले; अब 6 माह का नुकसान नहीं

हिमाचल में नियमितीकरण का इंतजार कर रहे हजारों कर्मचारियों...