हिमाचल प्रदेश के सिरमौर में भारी बारिश के चलते एक स्कूल में 52 छात्र और 12 स्टाफ सदस्य फंस गए। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
हिमखबर डेस्क
हिमाचल के सिरमौर में भारी बारिश के चलते नाहन विधानसभा के मातर स्कूल में 52 छात्र और 12 स्टाफ सदस्य फंस गए हैं। पिछले कई घंटों से सभी लोग फंसे हुए हैं। स्कूल के रास्ते नदी में पानी का तेज बहाव आफत बनकर सामने आया है। बारिश के कारण स्कूल टापू में बदल गया है।
DC प्रियंका वर्मा का कहना है कि जल्द सभी का रेस्क्यू किया जाएगा। रेस्क्यू टीम मौके के लिए रवाना हो चुकी है। स्थिति पर प्रशासन की नजर है।
उधर, मानसून की भारी बारिश के चलते सोलन सब डिवीजन में सड़कों और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचने का सिलसिला जारी है।लगातार हो रही बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़कें बाधित हुई हैं। लोक निर्माण विभाग ने मशीनरी की मदद से प्रभावित मार्गों को यातायात के लिए बहाल करने का काम तेज कर दिया है।
लोगों से अपील
लोक निर्माण विभाग सोलन सब डिवीजन के सहायक अभियंता ई. सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि सोमवार सुबह हुई तेज बारिश के कारण भी कई स्थानों पर सड़क मार्ग प्रभावित हुए। विभाग ने सूचना मिलते ही मशीनरी किराए पर लेकर मार्गों को खोलने का काम शुरू किया और यातायात को बहाल किया।
सहायक अभियंता ने लोगों से बरसात के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। सहायक अभियंता ने कहा कि सफर पर निकलने से पहले मौसम का पूर्वानुमान जरूर जांचें। वाहन ऐसे स्थानों पर खड़े न करें जहां भूस्खलन या पेड़ गिरने की आशंका हो।

