सोलन – रजनीश ठाकुर
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के जुड्डी कलां में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक पति ने कथित तौर पर शराब के नशे में अपनी 33 वर्षीय पत्नी की चाकू से हमला कर हत्या कर दी।
वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। मृतका की पहचान सुनेहरी देवी (33) पत्नी दाता राम के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि दंपती मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के डकपुरा गांव का रहने वाला था और बद्दी के जुड्डी कलां में किराये के मकान में अपने चार बच्चों के साथ रह रहा था।
जानकारी के अनुसार स्वतंत्रता दिवस के चलते शनिवार को उद्योगों में छुट्टी थी और दाता राम घर पर ही था। आरोप है कि रात करीब 9:30 बजे वह शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी के साथ कहासुनी करने लगा।
इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपी ने कथित तौर पर चाकू से सुनेहरी के पेट पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल महिला की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया।
एसपी बद्दी विनोद धीमान के बोल
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया की पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी है। वारदात के पीछे घरेलू विवाद को कारण माना जा रहा है, हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। चार बच्चों की मां की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस फरार आरोपी को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

