चंबा हिमाचल प्रदेश – भूषण गुरुंग
जिला चंबा की पांगी घाटी में सोमवार दोपहर बाद बादल फटने की घटना के बाद उदीन नाला और हिल्लु नाले में अचानक आई भीषण बाढ़ से जनजीवन प्रभावित हो गया।
बाढ़ के कारण उदीन और हिल्लु गांवों को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया, जबकि कई स्थानों पर सड़क पर भारी मात्रा में मलबा जमा हो गया।
घटना के दौरान उदीन गांव में कार्यरत “VB–G RAM G” के श्रमिक बाढ़ के कारण फंस गए थे। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रजामंडल के लोगों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया और सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते किए गए इस साहसिक प्रयास से एक बड़ा हादसा टल गया।
बादल फटने से हिल्लु नाले में भी तेज़ बाढ़ आई, जिससे वहां बनी अस्थायी पुलिया और संपर्क मार्ग को भारी नुकसान पहुंचा है। इससे दोनों गांवों के बीच आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पांगी प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है। नायब तहसीलदार स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
वहीं लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीम भी बंद पड़े संपर्क मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने में जुट गई है। सड़क से मलबा हटाने और क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
प्रशासन ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे मौसम सामान्य होने तक नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचित करें|

