हिमखबर डेस्क
ऊना जिले के उपमंडल अम्ब के दियाड़ा में खुशियों का माहौल अचानक उस वक्त मातम में बदल गया, जब एक शादी समारोह के दौरान दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बारात निकलने की तैयारियां चल रही थीं, तभी एक तेज रफ्तार बाइक ने दूल्हे के एक रिश्तेदार को जोरदार टक्कर मार दी।
गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गए हैं।पुलिस को दी गई शिकायत में हम्बोली निवासी गुरभाग सिंह ने बताया कि गत 8 जुलाई की रात उनके बेटे की शादी थी। बारात धुसाड़ा स्थित सरगम पैलेस के लिए रवाना होने ही वाली थी।
इसी दौरान उनके रिश्तेदार कमलजीत सिंह पुत्र गुरदास राम निवासी भदसाली, तहसील हरोली सड़क पार करके एक किनारे खड़े थे। तभी बड़ूही की ओर से एक बाइक तेज रफ्तार में आई और उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। शिकायत के अनुसार उस बाइक पर तीन युवक सवार थे।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तीनों युवक अपनी बाइक सहित अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। हालांकि, भागते समय शिकायतकर्ता ने मोटरसाइकिल का नंबर नोट कर लिया।
वहीं घायल कमलजीत सिंह को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया, जहां गंभीर हालत के चलते डॉक्टरों ने उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया, लेकिन पीजीआई में उपचार के दौरान कमलजीत ने दम तोड़ दिया।
डीएसपीअम्ब अनिल पटियाल के बोल
डीएसपीअम्ब अनिल पटियाल ने इस दुखद हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत और नोट किए गए बाइक नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
यह एफआईआर नए कानून यानी भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज की गई है। पुलिस की टीमें फरार युवकों और बाइक की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं।

