हिमखबर डेस्क
खुंडिया थाना क्षेत्र के गांव ठम्बा के 14 वर्षीय छात्र कबीर राणा की संदिग्ध आत्महत्या ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। इस मामले में भारतीय सेना में सूबेदार पिता की शिकायत पर पुलिस ने स्कूल के प्रबंध निदेशक (एमडी), प्रिंसिपल, हॉस्टल वार्डन और बस चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि स्कूल और होस्टल में कथित मानसिक एवं शारीरिक प्रताडऩा के कारण उनका इकलौता बेटा इतना टूट गया कि उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। पुलिस को दी शिकायत में प्रदीप कुमार ने बताया कि वर्ष 2025 में उन्होंने अपने बेटे कबीर का दाखिला नौवीं कक्षा में करवाया था तथा उसे स्कूल के होस्टल में रखा गया था।
शिकायत के अनुसार पिछले कुछ समय से कबीर लगातार होस्टल में न रहने की बात कह रहा था। उसने परिवार को बताया था कि होस्टल में उसके साथ मारपीट की जाती है और उसे मानसिक रूप से परेशान किया जाता है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि 4 जुलाई को स्कूल में एक घटना के बाद बस चालक ने कबीर को डांटा और कथित रूप से पीटा।
इसके बाद प्रिंसिपल, एमडी और होस्टल वार्डन ने भी उसके साथ मारपीट की। पिता का कहना है कि घर लौटने पर उनका बेटा बेहद तनाव में था। उन्होंने उसे समझाया कि सोमवार को स्कूल जाकर पूरे मामले पर प्रबंधन से बात करेंगे, लेकिन उसी शाम वह अपने कमरे में फंदे से लटका मिला।
परिजन उसे तुरंत सिविल अस्पताल खुंडियां ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम देहरा अस्पताल में कराया गया। पुलिस ने पिता की शिकायत के आधार पर ष्ठष्टस् लोअर सुनेहत स्कूल के एमडी, प्रिंसिपल, हॉस्टल वार्डन और बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मामले की जांच एएसआई राकेश शर्मा को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है तथा जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। मामले ने आवासीय विद्यालयों में छात्रों की सुरक्षा, देखरेख और अनुशासन संबंधी व्यवस्थाओं पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है, ताकि इस मामले में वास्तविक तथ्य सामने आ सकें।
एसपी बोले— शिकायत के आधार पर मामला दर्ज, हर पहलू की होगी निष्पक्ष जांच
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) देहरा संदीप धवल ने बताया कि मृतक छात्र के पिता की शिकायत के आधार पर स्कूल के संबंधित प्रबंधन के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष और गहन जांच कर रही है।
मामले से जुड़े सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा उपलब्ध साक्ष्यों और तकनीकी पहलुओं की भी बारीकी से पड़ताल की जा रही है। एसपी ने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुरूप कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जांच पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाई जा रही है।

