हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर इशिता पुंडीर द्वारा भारतीय सेना के खिलाफ की गई विवादित टिप्पणी का मामला शुक्रवार को दूसरे दिन भी गरमाया रहा। सिरमौर जिले के नौहराधार तहसील के एक छोटे से पहाड़ी गांव देवा मानल से ताल्लुक रखने वाली इशिता, जिसने बेहद कम समय में सोशल मीडिया पर बड़ी पहचान बनाई थी, अब राष्ट्रीय स्तर पर आलोचनाओं के घेरे में है।
हालांकि उन्होंने अपने बयान के लिए माफी मांग ली है, लेकिन नेटिजन्स का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को दिन भर ट्विटर (X) और इंस्टाग्राम पर इशिता की ट्रोलिंग जारी रही और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठती रही।
हैरानी की बात यह है कि इस भारी विरोध के बीच भी सोशल मीडिया पर इशिता के फॉलोअर्स की संख्या में कोई बड़ी गिरावट दर्ज नहीं की गई है। एक तरफ जहां कई यूजर्स उन्हें ‘अनफॉलो’ करने का कैंपेन और कमेंट बॉक्स में अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उनके फॉलोअर्स का ग्राफ स्थिर बना हुआ है।
इस बीच, इशिता ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर ‘सोबर लुक’ (सादगी भरी) तस्वीरें और वीडियो शेयर करना शुरू कर दिया है, जिसे विवाद के बाद अपनी छवि सुधारने की एक कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। इस पूरे विवाद में अब सोशल मीडिया दो गुटों में बंटा हुआ नजर आ रहा है।

जहां एक बड़ा वर्ग इशिता की टिप्पणी को ‘अक्षम्य’ मान रहा है और इसे देश के जवानों का अपमान बता रहा है, वहीं एक तबका ऐसा भी सामने आया है जो उनके पक्ष में खड़ा है। डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर कुछ लोग इशिता को माफी देने की मांग करते हुए समर्थन में कैंपेन चला रहे हैं।
इन समर्थकों का तर्क है कि इशिता ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और उन्हें सुधार का एक मौका दिया जाना चाहिए, हालांकि विरोध करने वाला पक्ष इस दलील को पूरी तरह खारिज कर रहा है। इशिता पुंडीर का यह विवाद अब केवल हिमाचल की सीमाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है।
देश के विभिन्न हिस्सों से पूर्व सैनिकों और नागरिकों ने इस बयान पर कड़ा ऐतराज जताया है। पहाड़ी गांव से निकलकर सोशल मीडिया की चमक-धमक तक पहुंचने वाली इशिता के लिए यह अब तक का सबसे बड़ा संकट माना जा रहा है।
आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या यह ‘सोबर लुक’ और माफीनामा लोगों के गुस्से को शांत कर पाता है या फिर यह विवाद उनके डिजिटल करियर के लिए बड़ा रोड़ा साबित होगा।
इशिता पुंडीर मामले में सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब इस विवाद में सिरमौर जिले के शिलाई के उन दो भाइयों ने भी अपनी राय साझा की है, जो हाल ही में एक ही दुल्हन से शादी करने को लेकर देशभर में चर्चा का विषय बने थे।
इन भाइयों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इशिता पुंडीर द्वारा भारतीय सेना के बारे में की गई टिप्पणी पूरी तरह से गलत थी और देश की शान कहे जाने वाले जवानों के प्रति ऐसे शब्दों का इस्तेमाल कतई नहीं किया जाना चाहिए। अपनी प्रतिक्रिया को संतुलित करते हुए इन भाइयों ने क्षमा और सद्भावना का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि “इंडियन आर्मी हमारी गौरव है और हम हमेशा उनके सम्मान के लिए खड़े हैं, लेकिन अंततः इंसान से ही गलती होती है।”
उन्होंने भारतीय सेना के जवानों और आम जनता से भावुक अपील करते हुए कहा कि यदि इशिता अपनी गलती को दिल से स्वीकार कर रही हैं, तो उन्हें माफ कर दिया जाना चाहिए। उन्होंने समाज से एक सकारात्मक माहौल बनाए रखने और विवाद को और न खींचने का निवेदन किया है।

